Breaking NewsSTATE

Fact Check : कोरोना वैक्सीन लेने के बाद शरीर पर नहीं चिपकते हैं सिक्के या चम्मच

शाजापुर. सोशल मीडिया पर कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद शरीर में चुंबकीय गुण पैदा होने और सिक्के, चम्मच और कैंची जैसी चीजों के चिपकने की खबर सुन शाजापुर के एक बुजुर्ग ने भी अपने घर में ऐसा ही प्रयोग किया. शाजापुर के शुजालपुर के रहने वाले 60 साल के रमेशचंद्र नागर टीवी और मोबाइल की खबरों को देख इस बात की जांच की. उन्होंने भी वैक्सीन की दोनों डोज ले रखी है, लिहाजा बच्चों से सिक्के, कैंची, हेयरक्लिप जैसी चीजें मंगवाईं. रमेशचंद्र नागर उस वक्त हैरान रह गए, जब ये चीजें उनके शरीर से चिपकने लगीं.

शुजालपुर के रमेशचंद्र नागर ने बताया कि वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ हैं. सोशल मीडिया और मोबाइल पर ऐसी खबरें देखने के बाद उन्होंने इस प्रयोग को घर में आजमाया. नागर ने बताया कि बच्चों ने पहले उनके शरीर पर चम्मच चिपकाए, फिर हेयरक्लिप और सिक्के. ये चीजें उनके शरीर से चिपक गईं तो उन्हें लगा कि हो सकता है पसीने की वजह से ऐसा हुआ हो, इसलिए उन्होंने शरीर को पोछकर दोबारा कोशिश की. नागर ने बताया कि वे यह देखकर हैरान रह गए कि दोबारा से करने पर भी ये चीजें शरीर से चिपक गईं. इसके बाद नागर को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. लोग उनके शरीर पर चम्मच और सिक्कों को चिपका हुआ देखकर हैरान हो रहे थे.

डॉक्टर बोले- ऐसे दावों का वैक्सीन से संबंध नहीं

इस बीच जब रमेशचंद्र नागर के शरीर से धातुओं के चिपकने के बारे में पता चला, तो टीम मौके पर पहुंची. . इस बारे में जब सिविल हॉस्पिटल के इंचार्ज डॉ. राजेश तिवारी से बात की गई तो उन्होंने ऐसे दावों ओर वैक्सीन के बीच किसी तरह का संबंध होने की बातों को खारिज किया. डॉ. तिवारी ने कहा कि यदि शरीर में चुम्बकीय तत्व होते तो फिर स्टील की चीजें नहीं चिपकतीं.

विशेषज्ञ ने बताया इसके पीछे का विज्ञान

कोराना वैक्सीन लेने के बाद शरीर से धातुओं के चिपकने की खबर लगातार वायरल हो रही है, एक और विशेषज्ञ से इन दावों के बारे में बात की. टीम ने विज्ञान के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक ओमप्रकाश पाटीदार से इसके बारे में पूछा. पाटीदार ने बताया कि इस तरह की घटनाओं का वैक्सीन से कोई लेना-देना नहीं है. दरअसल, इंसानी त्वचा खुरदरी होती है, इसलिए जब सिक्का या चम्मच को हम त्वचा पर दबाते हैं तो स्किन और धातु के बीच की हवा निकलने से वैक्यूम बनता है. इसी वैक्यूम के कारण वह चीज चिपक जाती है.

उदाहरण के साथ स्पष्ट की अपनी बात

पाटीदार ने बताया कि कई बार शरीर से निकला हुआ पसीना भी इसमें सहयोगी होता है. रबर पर रखा टी-टेबल का ग्लास, बच्चों के खिलौने या दीवार पर चिपकने वाली रबड़ ऐसा ही उदाहरण है. उन्होंने बताया कि टेलकम पाउडर लगाने के बाद शरीर पर ऐसा नहीं होगा. उन्होंने कहा कि लोगों को इस भ्रम से दूर रहकर कोरोना की वैक्सीन लगवाना चाहिए.

Input : news18Hindi

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.