BIHARBreaking NewsSTATE

क‍िशोर बालों में फेर रहा था उंगलियां, यह उसका SWAG है, शिवहर दारोगा ने चालान के बदले कटवाए बाल, यह इनका STYLE

केवल वैज्ञानिक ही नहीं, पुलिस वाले भी प्रयोगधर्मी होते हैं। शिवहर की पुलिस ने तो इसका एक अलग उदाहरण ही पेश कर दिया है। इसके खूब चर्चे हो रहे। दरअसल लॉकडाउन के नियमों का पालन करवाने के लिए पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन किशोर पहुंचे। उनके पास न तो हेलमेट था और न ही ड्राइविंग लाइसेंस। चालान कटवाने के लिए कहा तो अपने लंबे बालों में अंगुली फेरते हुए इंकार कर दिया। वहां तैनात दारोगा को उसका यह स्वैग नागवार गुजरा। फिर क्या था, उन्होंने अपना स्टाइल दिखाया, नाई को बुलवाया और कटवा दिए बाल। 

परिवहन नियमों के उल्लंघन के आरोप में शिवहर नगर थाने में तैनात एक दारोगा ने चालान कटवाने से इन्कार करने पर तीन किशोरों के बाल कटवा दिए। शिवहर शहर से सटे फतहपुर चौक पर चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान नगर थाने में तैनात दारोगा जितेंद्र प्रसाद ने पहले तीनों किशोरों को समझाया। नियमों के पालन करने की सीख दी। पढ़ाई करने की भी नसीहत दी। फिर तीनों के लंबे-लंबे बाल देख दारोगा को गुस्सा आया। दारोगा ने नाई को बुलवा अपने खर्च पर तीनों के बाल छोटे-छोटे करवा दिए। बाल कटने के बाद किशोरों ने दारोगा को थैंक्यू कहा। वहीं कहा कि, वाह सर अब तो पहले से भी स्मार्ट लग रहे है। वहीं बाइक लेकर तीनों निकल पड़े।

 दारोगा की इस अनोखी सजा की सराहना हो रही है तो कुछ लोग सवाल भी उठा रहे है। नगर थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इन्कार कर दिया। जबकि, दारोगा जितेंद्र प्रसाद ने स्वीकार किया कि, उन्होंने चालान नहीं कटवाने पर बाल कटवा दिए। उन्होंने बताया कि, तीनों किशोर एक ही बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार से जा रहे थे। न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और नहीं हेलमेट पहन रखी थी। वाहन जांच के दौरान फतहपुर चौक के पास बाइक को रोक जांच की गई। वहीं चालान कटवाने का आदेश दिया। लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे। तीनों अपनी गलती मानकर छोड़ देने की अपील करने लगे। इसके बाद उन्होंने तीनों को समझाया। उन सभी के बाल काफी लंबे-लंबे थे। बात करने के क्रम में तीनों लड़के बाल पर हाथ फेर रहे थे। लिहाजा, उन्होंने नाई से बाल छोटे करवा दिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.