जमुई. कोरोना वायरस के चलते फैली वैश्विक महामारी से बचाव के लिए मास्क का उपयोग और आपस की दूरी के साथ वैक्सीन लेना भी बहुत जरूरी है. ऐसे में केंद्र और राज्य सरकार लगातार मुहिम चला रही है. लोगों को जागरूक करने के लिए तरह-तरह के उपाय किए जा रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक की टीम गांवों का दौरा कर रही हैं कि लोग कोरोना का टीका लें. हालांकि, कई जगहों से ऐसी भी खबरें आ रही हैं कि कई लोगों ने कोरोना टीका को लेकर भ्रम और अफवाह के शिकार हो रहे हैं कोरोना का टीका लगवाने से बच रहे हैं. वहीं, जमुई की एक 105 वर्ष की बुजुर्ग महिला ने टीका लेकर ‘अफवाह गैंग’ को जोरदार जवाब दिया है.
जिले के एक सुदूर गांव में 105 वर्षीय बुजुर्ग महिला हेमिया देवी जब स्वयं टीकाकरण केंद्र पर पहुंचीं और कोरोना से बचाव के लिए टीके का पहला डोज लिया तो सबने इसकी सराहना की. महामारी से बचने के लिए टीकाकरण कितना जरूरी है, यह 105 वर्षीय बुजुर्ग महिला के वैक्सीन का पहला डोज लेना ही टीकाकरण जागरूकता को लेकर जिले में अब नजीर बन गई हैं.जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड की गूगलडीह गांव की एक बुजुर्ग महिला हेमिया देवी की उम्र 105 साल है. गुरुवार को वह कोरोना का टीका लेने के लिए टीकाकरण केंद्र पर पहुंचीं और वैक्सीन का पहला डोज लिया. 105 बसंत देख चुकीं हेमिया देवी ने जागरूकता और समझदारी का परिचय देते हुए लोगों को सबक दिया है कि कोरोना का टीका बिल्कुल सुरक्षित है और यह वैश्विक महामारी को खत्म करने के लिए बेहद ही जरूरी है.
105 साल की बुजुर्ग महिला का टीकाकरण केंद्र पर पहुंचना और वैक्सीन का पहला डोज लेने पर जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि उत्साह के साथ केंद्र पर पहुंचकर बुजुर्ग महिला द्वारा टीका लगवाना जिले के लिए टीकाकरण क्षेत्र में एक बहुत बड़ा उदाहरण है. लोगों से अपील है कि 18 वर्ष से ऊपर और 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों को टीका लगवाएं, ताकि वैश्विक महामारी से लोग बच सकें. बुजुर्ग महिला के इस कदम से जिले के और भी बाकी लोगों में टीकाकरण को लेकर उत्साह बढ़ने की उम्मीद है.





Leave a Reply