BIHARBreaking NewsSITAMARHISTATE

सीतामढ़ी में भी चक्रवाती तूफान ने दिखाया असर, रातभर आंधी-पानी, जगह-जगह पेड़ गिरे

चक्रवाती तूफान का असर पिछले तीन दिनों से सीतामढ़ी जिले में बरकरार है। गुरुवार रातभर तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। आंधी में कई घराें के छप्पर उड़ गए, कई जगहों पर पेड़ गिर पड़े हैं। बारिश से सीतामढ़ी शहरी क्षेत्र समेत जिले के तमाम इलाके पानी-पानी हो चले हैं। कई जगहों पर काफी जलजमाव होने से टापू में तब्दील हो गया है।

जिला प्रशासन चक्रवाती तूफान यास के मद्देनजर अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा ने कहा कि आज और कल भारी वर्षा के साथ-साथ तेज हवा चलने से जनजीवन प्रभावित रह सकता है। वज्रपात की भी काफी संभावना है। तेज हवा से बिजली के पोल, तार आदि क्षतिग्रस्त होने की संभावना के मद्देनजर उन्होंने विभागीय अफसरों को अलर्ट रहने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि विभाग को यह ध्यान रखना होगा कि किसी भी हाल में विद्युत आपूर्ति के अभाव से कोविड सेंटर एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कोविड मरीजों को कोई समस्या नहीं हो।

नगर निकायों को डीएम ने स्थिति पर खास नजर रखने के निर्देश दिए हैं। भारी वर्षा एवं वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जब तक बहुत जरूरी न हो घर से बाहर नहीं निकलें। जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि किसी भी जानकारी या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06226-250316 पर संपर्क कर सकते है। जिला प्रशासन द्वारा ठनका (बज्रपात) से बचाव हेतु कुछ सावधानियां बरतने का निर्देश जारी किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.