BIHARBreaking NewsMOTIHARISTATE

मोतिहारी : होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की हो रही है स्वास्थ्य जाँच

  • आरबीएसके टीम कर रहा है जाँच में सहयोग
  • आवश्यक दवाओं का हो रहा है वितरण

मोतिहारी 26 मई ।

कोरोना महामारी के खिलाफ पूर्वी चम्पारण जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ लगा हुआ है । लगातार अनुमंडलीय अस्पतालों से कोविड जाँच एवं टीकाकरण रथ निकल रहा है । यह लोगों में जागरूकता के साथ दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कोविड से बचने की जानकारी एवम टीकाकरण के प्रति सकरात्मक बदलाव ला रहा है । वहीं जिले के कई प्रखंडों में जांच, इलाज और टीकाकरण के साथ अब होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की भी देखभाल की जा रही है। जिले के सभी प्रखंडों में डॉक्टरों की टीम होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के घर-घर जाकर जांच कर रही है । उनके साथ आरबीएसके की टीम भी सहयोग कर उन्हें उचित सलाह दे रही और जरूरत पड़ने पर दवा भी दी जा रही है। चकिया अनुमंडल के आरबीएसके नोडल डॉ संतोष श्रीवास्तव ने बताया डॉक्टरों की टीम के द्वारा प्रखण्ड क्षेत्र के होम आइसोलेटेड मरीजों की स्वास्थ्य जांच आज की गयी । प्राथमिक स्वास्थ केंद्र चकिया द्वारा कोविड पॉजिटिव मरीज जो होम आइसोलेटेड हैं उनकी आवश्यक जाँच के साथ दवाई उपलब्ध करायी गयी आरबीएसके नोडल डॉ संतोष श्रीवास्तव एवं डॉ प्रियरंजन कुमार ने बताया जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में प्रखंड में सभी कोरोना मरीजों की घर पर ऑक्सीजन लेवल, तापमान तथा अन्य जरूरी जांच की जा रही है।
साथ ही कोविड आइसोलेट परिवार के सदस्यों की भी काउंसिलिंग की जा रही है। काउंसलिंग कार्य में डॉ प्रियरंजन एवं केयर इंडिया के बीएम कुन्दन कुमार रौशन भी सहयोग कर रहे हैं ।
टेलीफोन के जरिये भी मरीजों को सलाह दी जा रही-
सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया जिले में कोरोना के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इससे कोविड के मामलों में कमी देखी जा रही है । राज्य सरकार के निर्देशानुसार डॉक्टर , आशा, नर्स, व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जीविका सदस्य अब घर-घर जाकर मरीजों की जांच कर रहे हैं। दवा दे रहे हैं। टेलीफोन के जरिये भी मरीजों को सलाह दी जा रही है।

हिट एप कर रहा है सहयोग :

सिविल सर्जन ने बताया मरीजों की निगरानी के बाद उसकी जानकारी और स्थिति को हिट एप पर अपलोड किया जा रहा है। मालूम हो कि कोरोना मरीजों के स्वास्थ्य की देखभाल को लेकर राज्य सरकार ने जिला प्रशासन को हिट एप बनाकर उसकी जानकारी अपलोड करने के लिए कहा था। इसके बाद से जिले में यह कवायद शुरू हुई है। इसका फायदा यह मिल रहा है कि मरीजों की सही जानकारी प्रशासन के पास पहुंच रही है, जिससे उसका बेहतर इलाज हो रहा है।
घर-घर जाकर भी लोगों का इलाज किया जा रहा-
केयर इंडिया के ब्लॉक मैनेजर कुन्दन कुमार रौशन ने बताया कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। जब से दूसरी लहर की चर्चा शुरू हुई, तभी से हमलोगों ने जांच का दायरा बढ़ा दिया। सरकारी अस्पतालों में तो जांच की व्यवस्था है ही, इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाद में पंचायत तक इसकी व्यवस्था कर दी गई। इसलिए लोगों से मेरी अपील है कि अगर आपको जरा सा भी कोरोना का लक्षण लगे तो तत्काल जांच कराएं। जांच में अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो अपना इलाज शुरू कर दें। अभी तो घर-घर जाकर भी लोगों का इलाज किया जा रहा है।
कोरोना की गाइडलाइन का करें पालनः
कुन्दन कुमार रौशन ने कहा कोरोना के मामलों में लोगों की जागरूकता से अब कमी आ रही है । कोविड के केस कम करने के लिए लोगों को और भी जागरूक होना होगा।
कोरोना महामारी से बचने हेतु इन गाइडलाइन का पालन करना होगा।
घर से बाहर जाते वक्त मास्क जरूर लगाएं। सामाजिक दूरी का पालन करें। भीड़भाड़ से बचें और दो गज की दूरी को बनाए रखें। अगर घर के सदस्यों से भी बात करें तो दूरी बनाकर। मास्क लगाकर। ऐसा करने से आप भी कोरोना से बचे रहेंगे और आपसे दूसरे लोग भी संक्रमित नहीं होंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.