बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार को तूफान ‘यास’ (Yaas Cyclonic Storm) में तब्दील हो जाएगा। इसके बाद इस तूफान के उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ने की उम्मीद है। मंगलवार से इसका प्रभाव मैदानी इलाकों में भी दिखाई देगा। 26 मई को तूफान के पश्चिम बंगाल व ओडिशा के समुद्र तट से टकराने की उम्मीद है। फिर देश के मैदानी भागों में जमकर बारिश के आसार हैं। बिहार में भी काफी बारिश होगी।
आज से देश के मैदानी भागों में दिखने लगेगा असर
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के अंडमान सागर में वर्तमान में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। सोमवार को वह तूफान में तब्दील होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। मंगलवार को बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में तूफान के खतरनाक होने की उम्मीद है। उसके बाद 26 मई को तूफान ओडिशा के समीप समुद्री तट से टकराकर आगे बढ़ेगा। वैसे सोमवार से उसका प्रभाव देश के मैदानी भाग में दिखाई पड़ने लगेगा।
राज्य में बढ़ा तापमान, भागलपुर रहा सर्वाधिक गर्म
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से देश में मैदानी भाग में पछुआ (Westerly Winds) का प्रवाह जारी है। पछुआ की धीमी गति के कारण राजधानी समेत प्रदेश के वातावरण में उमस बढ़ गई है। तापमान निरंतर बढ़ रहा है। राजधानी पटना (Patna) के तापमान में रविवार को दो फीसद वृद्धि दर्ज की गई। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को शहर के तापमान में तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई थी। वातावरण में आर्द्रता घटकर मात्र 44 फीसद रह गई है। भागलपुर (Bhagalpur) सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर के वातावरण में आर्द्रता 59 फीसद रिकॉर्ड की गई।





Leave a Reply