BIHARBreaking NewsSTATE

बड़ी खबर : आज बिहार में लॉकडाउन के विस्‍तार की घोषणा करेंगे CM नीतीश, जानिए संभावित गाइडलाइन

कोरोनावायरस संक्रमण (CoronaVirus Infection) की रफ्तार थामने के लिए बिहार में लॉकडाउन (Lockdown) की अवधि और 10 दिन के लिए बढ़ाई जा सकती है। इसपर विचार के लिए सोमवार को आपदा प्रबंधन समूह (Crisis Management Group) की बैठक बुलाई गई है। इस संबंध में मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) पहले ही संकेत दे चुके हैं। माना जा रहा है कि 25 मई को समाप्‍त हो रहे लॉकडाउन के दूसरे चरण (Lockdown-2) को अगले 10 दिनों तक तीसरे चरण (Lockdown- 3) में विस्‍तार दिया जाएगा। इसमें कुछ छूटें दी जाएंगी तो कई मामलों में प्रावधान कड़े किए जाने की उम्‍मीद है। खासकर ग्रामीण इलाकों में कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए वहां सख्‍ती की जा सकती है

आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में आज होगा फैसला

सोमवार को मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण की अध्यक्षता में गठित आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, शिक्षा, श्रम संसाधन के साथ ही पुलिस व अन्य विभागों के आला अधिकारी कोरोना के हालात पर विमर्श करेंगे। उसके बाद लाकडाउन-3 पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसके पहले रविवार को मुख्य सचिव ने गृह, स्वास्थ्य और पुलिस अधिकारियों के साथ कोरोना के हालात और लॉकडाउन को लेकर विचार-विमर्श किया। कई विभागों ने लॉकडाउन लागू रखने के पक्ष में राय दी। कई अधिकारियों ने पांच जून तक लॉकडाउन बढ़ाने की सलाह दी है। जिलाधिकारियों ने भी लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में अपनी राय दी है। सबकी राय लेने के बाद सोमवार को आपदा प्रबंधन समूह की बैठक बुलाई गई है।

कुछ दिन बढ़ाई जाएगी लॉकडाउन की मियाद

विदित हो कि राज्य में अप्रैल से मई के बीच कोरोनावायरस संक्रमण के मामले काफी बढ़े। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश और आपदा प्रबंधन समूह की बैठक के बाद पांच मई से लॉकडाउन लागू किया गया, जिसकी मियाद 15 मई तक थी। लॉकडाउन के बाद संक्रमण के मामलों में कमी आई। कम होते मामलों को देखते हुए दूसरी बार 13 मई को लॉकडाउन की मियाद बढ़ाने पर सहमति बनी। उसके बाद 16 मई से लॉकडाउन-2 लागू किया गया। लॉकडाउन में कोरोना के नए मामलों में काफी कमी आई है। कोरोना पर पूरी तरह काबू पाने के लिए आवश्यक है कि लॉकडाउन की मियाद को कुछ दिनों के लिए और बढ़ाया जाए।

शादी समारोह में दी जा सकती है कुछ ढ़ील

माना जा रहा है कि लॉकडाउन-3 में वर्तमान में लागू लॉकडाउन-2 के कुछ नियमों में कुछ ढ़ील दी जाएगी। अभी शादी समारोह में केचल 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गई है, जिसे लॉकडाउन-1 की तरह 50 तक बढ़ाया जा सकता है। हां, शादी के लिए नाइट कर्फ्यू में रात 10 बजे तक की छूट के साथ डीजे पर लगाया गया प्रतिबंध जारी रह सकता है। अंतिम संस्‍कार में 20 लोगों के शामिल होने के नियम को जारी रखा जा सकता है।

आधी क्षमता के साथ चलेंगे सार्वजनिक वाहन

सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट को लेकर नियम में किसी बदलाव की उम्‍मीद नहीं है। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए वे 50 फीसदी क्षमता के साथ चलते रहेंगे, ऐसी उम्‍मीद है।

दुकानों को खाेलने के समय में बदलाव संभव

दुकानों को खाेलने के समय में कुछ बदलाव किया जा सकता है। फिलहाल शहरी क्षेत्र में सब्ज़ी, मांस-मछली व अन्‍य आवश्‍यक वस्‍तुओं की दुकानें सुबह 10 तक ही खुल रहीं हैं। जबकि, ग्रामीण इलाकों में दुकानें सुबह आठ बजे से 12 बजे तक खुल रहीं हैं। दवा और दूध की दुकानें खुली रहने का प्रावधान जारी रहेगा। साथ ही ठेले पर घूम-घूम कर फल और सब्जी बेचने की अनुमति रहेगी। लॉकडाउन-3 में शहरी इलाकों की दुकानों के खुलने के समय में कुछ ढ़ील दी जा सकती है। संभव है कि ग्रामीण इलाकों में प्रावधान कड़े भी कर दिए जाएं।

होटल में बैठकर खाने की अनुमति नहीं

रेस्तरां और होटल या खाने की दुकान पर बैठकर खाने की अनुमति मिलती फिलहाल नहीं दिख रही है। वहां से रात नौ बजे तक ही खाना घर ले जाने की अनुमति जारी रहेगी, ऐसी उम्‍मीद है।

नाइट कर्फ्यू में दी जा सकती है कुछ ढ़ील

वर्तमान में लागू शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक के नाइट कर्फ्यू की अवधि कुछ कम की जा सकती है। संभव है कि इसे रात्रि नौ बजे से सुबह छह बजे तक कर दिया जाए।

अधिक मरीज मिलने पर बनेंगे कंटेनमेंट जोन

प्रशासन यह बताएगा कि किस मोहल्ले या इलाके में कितने काेरोना मरीज हैं। अधिक मामलों के रहने पर किसी खास इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा।

पहले के ये गाइडलाइन भी रहेंगे लागू

– औद्योगिक प्रतिष्ठान में निर्माण कार्य जारी रहने की उम्‍मीद है।

– ई-कॉमर्स से जुड़ी सभी गतिविधियां पहले की तरह जारी रहेंगी।

– स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी संसथान खुले रहेंगे, सभी गतिविधियां जारी रहेंगी।

– कृषि व इससे जुड़े सभी कार्य पूर्ववत जारी रहेंगे।

गाइडलाइन का सख्‍ती से पालन कराएंगे डीएम-एसपी

लॉकडाउन के प्रावधानों के तहत पहले की तरह ही सभी डीएम व एसपी को कोरोनावायरस से बचने के लिए जारी गाइडलाइन का सख्‍ती से पालन कराने का निर्देश दिया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.