BIHARBreaking NewsSTATE

जाप सुप्रीमो की रिहाई को लेकर राज्यपाल के पास पहुंचे कार्यकर्ता, कहा- पप्पू यादव को जल्द से जल्द रिहा करे नीतीश सरकार

जाप सुप्रीमो पप्पू यादव की रिहाई की मांग का मामला अब बिहार के राज्यपाल फागू चौहान के पास पहुंचा. जाप के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंप कर पप्पू यादव की रिहाई की मांग की. उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया है कि सरकार उन्हें रिहा करे. बता दें कि 11 मई को जाप सुप्रीमो पप्पू यादव को पुलिस ने मधेपुरा में 32 साल पुराने केस के मामले में गिरफ्तार किया था. अभी पप्पू यादव का दरभंगा के डीएमसीएच में इलाज चल रहा है.

गिरफ्तारी के दो-तीन दिन पहले ही जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रुडी के खिलाफ मोर्चा खोला था. कोरोना काल के इस दौरान में ढंक कर रखे गए एंबुलेंस का विरोध किया था. पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजीव प्रताप रुडी के एंबुलेंस मामले से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि रुडी ने इस मामले में पिछले दिनों सफाई दी थी. उस सफाई पर पप्पू यादव ने रुडी को भुसकोल विद्यार्थी कहा था.

अब पप्पू यादव की अविलंब रिहाई और पारस अस्पताल में कोरोना पीड़िता से दुष्कर्म और हत्या मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर जाप नेता और पटना विश्वविधालय छात्र संघ अध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने राजभवन जाकर राज्यपाल फागू चौहान के ओएसडी को ज्ञापन सौंपा है. मनीष कुमार ने कहा कि पप्पू यादव से बिहार के छात्र सेवादारी की प्रेरणा लेते हैं.

उन्होंने कहा कि कोरोना में पप्पू यादव की सेवादारी से सरकार घबरा गई है. इस कारण एंबुलेंस माफिया, दवा माफिया और अस्पताल माफिया के दबाव में सरकार ने पप्पू यादव को गिरफ्तार किया है. पारस अस्पताल में कोरोना पीड़ित महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी जाती है. हमने पारस वाली घटना से भी राज्यपाल को अवगत कराया है. ज्ञापन सौंपने के मौके पर मनीष कुमार के अलावा दीपांकर राज, आदित्य मिश्रा, वरुण राज और शिवम भी मौजूद रहे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.