बिहार के पूर्व राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया के निधन पर सूबे में एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है. आज गुरुवार को पूर्व राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया का निधन हो गया. राजस्थान में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन पर बिहार के सियासी गलियारे में भी शोक की लहर है. बिहार के राज्यपाल बनने से पहले जगन्नाथ पहाड़िया राजस्थान के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. उधर, जगन्नाथ पहाड़िया के निधन पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी गहरी संवेदना जतायी है.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं बिहार के पूर्व राज्यपाल जगन्नाथ पहाड़िया के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अपने शोक-संदेश में कहा है कि जगन्नाथ पहाड़िया एक प्रख्यात राजनेता थे. वे 03 मार्च 1989 से 02 फरवरी 1990 तक बिहार के राज्यपाल रहे थे. पहाड़िया जी बेहद मृदुभाषी, मिलनसार एवं लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे. उन्होंने लंबे समय तक मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की थी.
जगन्नाथ पहाड़िया के निधन से पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. स्व जगन्नाथ पहाड़िया के सम्मान में बिहार सरकार ने आज गुरुवार दिनांक 20.05.2021 को एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आ’त्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.





Leave a Reply