बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में कोविड केयर सेंटर बनाने को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा है। कोई प्रशंसा कर रहा है तो कोई सवाल उठा रहा है। ऐसे में अब RJD सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील मोदी पर भड़क गई हैं।
रोहिणी ने लिखा है- आज के बाद से मेरा या मेरी बहनों का नाम लिया तो आकर मुंह ठूर (तोड़) देंगे। दरअसल, सुशील मोदी ने लिखा था कि तेजस्वी को अपने अवैध मकानों में कोविड केयर सेंटर खोलना चाहिए। उनकी दो बहन MBBS डॉक्टर हैं, कोरोना संक्रमण के दौर में उनकी सेवाएं क्यों नहीं ली गई?
सुशील मोदी ने और क्या लिखा…
JDU नेताओं के बयान पर लालू समर्थकों को गुस्सा नहीं आया, लेकिन सुशील कुमार मोदी पर RJD एकदम से भड़क गई है। सुशील मोदी ने एक साथ कई ट्वीट किए। इसमें यह भी लिखा है कि- तेजस्वी प्रसाद यादव को सरकारी आवास के बजाय अवैध तरीके से पटना में अर्जित दर्जनों मकानों में से किसी को कोविड अस्पताल बनाना चाहिए था, जहां गरीबों का मुफ्त में इलाज होता। उनके इस बयान से राजनीतिक आग और ज्यादा भड़क गई कि- कांति देवी ने मंत्री बनने के बदले जो दो मंजिला भवन तेजस्वी यादव को गिफ्ट किया था उसमें या राबड़ी देवी के पास जो 10 फ्लैट बचे हैं उनमें अस्पताल क्यों नहीं खोला गया?
‘किस्मत अच्छा बांटे नहीं तो हम उहां रहतीं तो अच्छे से इलाज कर देंती’
जवाब में रोहिणी आचार्या ने एक महिला का गाली देते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि- ‘ ई त ऐकर किस्मत आज अच्छा बांटे नहीं तो हम उहां रहतीं त इनका आज अच्छे से इलाज कर देंतीं !’ रोहणी ने एक के बाद एक बयान की झड़ी सोशल मीडिया पर लगा दी। लिखा कि- ‘ कान खोल कर सुन ले ये जनता की दी हुई है, जो मेरा भाई जनता के नाम समर्पित कर सेवा करना चाह रहा है। तुम्हारे तरह नहीं कि जनता के पैसे पे अपने ऐश कर रहा है। जो चोर दरवाजा से हर बार हासिल करता है। हिम्मत है तो जनता द्वारा चुन कर आ। ‘
रोहिणी का गुस्सा यहीं नहीं थमा है उन्होंने कहा कि- ‘ ई थेथर है सुधरेगा नहीं, जब तक बिहार की बेटियों से थुराएगा नहीं।’
नेता प्रतिपक्ष ने 50 बेड का कोविड सेंटर खोला
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने सरकारी आवास में 50 बेड का कोविड केयर सेंटर स्थापित किया है। उन्होंने इसे चलाने की अनुमति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिख कर मांगी। लेकिन JDU और BJP के कई वरिष्ठ नेताओं के बयान ने साफ कर दिया है कि सरकारी आवास में कोविड केयर सेंटर चलाने की अनुमति तेजस्वी यादव को नहीं दी जाएगी।
RJD ने कोई रिप्लाई नहीं करने की अपील की
RJD ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि- ‘ जाहिल, बेशर्म और नग्न….. को टैग कर उसके ट्वीट पर कोई रिप्लाई मत कीजिए। … पूरा बिहार जानता है यह नीतीश के कहने से ऐसा करता है। ‘
राजनीति की इस भाषा पर सवाल
राजनीति की इस भाषा पर भी कई लोगों सोशल मीडिया पर टिप्पणी की है। जागृति गुप्ता ने लिखा है कि ‘थोड़ी भाषा तो मर्यादित रखवाते तेजस्वी यादव जी…. कुछ स्तर तो होना चाहिए ना राजनीति का भी। ये सोशल प्लेटफॉर्म है, जहां आपके भी परिजन होते हैं, क्या यही भाषा आपकी घर में रहती है ?’
फिल्म निर्माता अविनाश दास का भी बयान
जाने-माने फिल्म निर्माता और लेखक अविनाश दास ने सुशील मोदी को नसीहत दी है। कहा है कि ‘…. तेजस्वी यादव के पटना में अवैध तरीके से अर्जित दर्जनों मकान हैं, तो आप कार्रवाई क्यों नहीं करते? अभी तो आपकी ही सरकार है। लेकिन आप भी जानते हैं कि आप झूठ बोल रहे हैं। आपलोग सेवा नहीं कर सकते, तो कम से कम टुच्ची राजनीति तो न कीजिए इस वक्त ?’





Leave a Reply