BIHARBreaking NewsSTATE

शहर लॉक और व्यवस्था डाउन / आनलाइन क्लास और वर्क फ्रॉम होम में परेशान कर रही इंटरनेट की धीमी गति, कोई छत ताे कोई बगीचे में पहुंच कर रहे हैं काम

कोरोना संकट के दाैरान वर्क फ्रॉम होम के तहत काम या ऑनलाइन क्लास करनेवालाें काे इंटरनेट की धीमी गति परेशान कर रही है। रूम से लेकर दरवाजे तक इंटरनेट की स्पीड बेहतर नहीं होने से उन्हें बगीचे या घर की छत पर जाकर कामकाज निपटाना पड़ रहा है। इसके बावजूद निर्धारित समय में काम पूरा करना मुश्किल हाेता है। बल्कि, नेटवर्क का सिग्नल बेहतर नहीं होने के कारण बात करने में भी परेशानी होती है।

यह समस्या इन दिनाें ग्रामीण इलाकाें से लेकर शहर तक की हाे गई है। उधर, सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों के टॉल फ्री नंबर पर जब इसकी शिकायत की जा रही है तो उनका लगभग एक ही तरह का एसएमएस उपभोक्ताओं को मिल रहा है। इसमें लिखा होता है कि तकनीकी समस्या के कारण आपके क्षेत्र में मोबाइल सेवाएं प्रभावित हैं। समस्या का समाधान किया जा चुका है। असुविधा के लिए खेद है।

सिम बदलने पर भी नहीं हाेता फायदा, स्टूडेंट्स बोले- डाउनलाेड करने में भी हाेती है परेशानी, बेहतर सिग्नल को ऊंचे स्थान पर जाना पड़ता है

वर्क फ्रॉम होम के तहत नोएडा की आईटी कंपनी के एक प्राेजेक्ट का काम कर रहे रौनक राज ने कहा कि वे दो महीने से इंटरनेट की धीमी स्पीड व नेटवर्क की समस्या से परेशान हैं। इस बीच दूसरी सिम भी ली, लेकिन बहुत फायदा नहीं हुआ। इंटरनेट की बेहतर स्पीड के लिए कभी छत तो कभी बगीचे में जाना पड़ता है। उधर, घर पर रहकर जेईई की तैयारी करने वाले स्टूडेंट्स शुभम ने बताया कि ऑनलाइन स्टडी में नेटवर्क की समस्या से उब चुके हैं। रात में नेटवर्क बेहतर होने पर पिछले वीडियो और चैप्टर को डाउनलोड कर उससे पढ़ाई करते हैं। इसमें भी कभी-कभी परेशानी अाती है। सिग्नल को बेहतर करने के लिए ऊंचे स्थान पर जाना पड़ता है।

इधर, शैक्षणिक कार्यक्रम काे देखने में बिजली की आंखमिचौली भी बाधक

9वी से 12वीं तक के स्टूडेंट्स के लिए डीडी बिहार पर चल रहे शैक्षणिक कार्यक्रम को देखने में बिजली की आंखमिचौली भी बाधक बन रही है। गांवों में कार्यक्रम के वक्त बिजली या तो हाेती ही नहीं अथवा आती–जाती रहती है। इस कारण बच्चे कार्यक्रम से जुड़ नहीं पा रहे। वैसे ही जानकारी नहीं होने से काफी कम बच्चे “मेरा दूरदर्शन-मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम देख रहे हैं। सुबह 10:05 बजे से 11 बजे तक 9वीं-10वीं और 11 से 12 बजे तक 11वीं-12वीं के लिए प्रसारण किया जा रहा है। शिक्षक रवि भारती ने बताया कि गांवाें में नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन क्लास में परेशानी हो रही है। वहीं, डीडी बिहार पर प्रसारित होनेवाले कार्यक्रम के प्रति जागरूकता की कमी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.