कोरोना संक्रमण के बाद ब्लैक फंगस ने बढ़ाईं मुश्किलें. कोरोना संक्रमण से इधर कुछ राहत मिली है तो अब ब्लैक फंगस ने मुश्किलें बढ़ा दी है. बिहार में अब तक 10 मरीजों की पहचान हो गई है. इन मरीजों की पहचान 48 घंटे के अंदर हुई है. अब तक कोरोना से बाहर निकलने वाले मरीजों में ही ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है.
डॉक्टरों के अनुसार, इस बीमारी में आंख की रोशनी और हड्डी पर असर पड़ने की बात कही जा रही है. हालांकि, 10 मरीजों में से मुजफ्फरपुर की महिला मरीज ने ब्लैक फंगस को मात दे दी है. डॉक्टर के अनुसार, शुरू में इसकी पहचान होने से इलाज में आसानी हो रही है. सूत्रों की मों तो तीन-चार और मरीजों को भी जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी. महिला को पटना के आइजीआइएमएस में इलाज किया गया था. उन्होंने कोरोना को भी मात दी है.
बता दें कि सरकारी आंकड़ों में अब बिहार में कोरोना गिरावट की ओर से है. यह सुकून देने वाली खबर है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को 24 घंटे की जांच रिपोर्ट में लगातार दूसरे दिन आठ हजार से कम नए कोरोना मरीज मिले हैं. इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है. इसी तरह, राजधानी पटना में भी हजार से नीचे नए मरीज मिले हैं. आज बिहार में जहां 7494 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है, वहीं पटना में 967 नए मरीज मिले हैं. खास बात कि आज कई दिनों के बाद पटना छोड़कर 500 से अधिक नए मरीजों वाला कोई जिला लिस्ट में नहीं है. सभी जिलों में 500 से कम मरीज मिले हैं, जबकि कई जिलों में नए मरीजों की संख्या डबल डिजिट में हैं.






Leave a Reply