BIHARBreaking NewsSTATE

पप्पू यादव पर किसने क्या कहा / तेजस्वी चुप, RJD ने हिटलरशाही कहा; कांग्रेस-माले के साथ नीतीश के सहयोगी HAM-VIP ने भी अरेस्टिंग का विरोध

पूर्व सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार के विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष से भी उनके समर्थन में आवाज उठने लगी है। पप्पू यादव ने मंगलवार की शाम मधेपुरा पुलिस द्वारा अरेस्ट होने से पहले कहा कि अब तेजस्वी यादव को सड़कों पर उतरना चाहिए। राजद की ओर से पप्पू यादव की गिरफ्तारी का विरोध किया गया है, लेकिन किसी नेता ने उनका नाम नहीं लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी चुप हैं, जबकि वह हर छोटी-बड़ी घटना पर प्रतिक्रिया देते रहे हैं।

उनकी पत्नी पूर्व सांसद रंजीता रंजन भड़क उठी हैं। सोशल मीडिया पर लिखा है- मुख्यमंत्री नीतीश जी, लॉकडाउन के उल्लंघन में गिरफ्तारी का कोई प्रावधान नहीं है। पप्पू यादव जी को तत्काल रिलीज करें। और हम सब मिलकर इस वैश्विक महामारी से लड़ें, मानवता को बचाएं। इससे पहले रंजीता रंजन ने लिखा था कि पूरे देश को ताबूत में झोंक, ताबुताकार मकबरा सेंट्रल विस्टा बनाने वालों, सब याद रखा जाएगा। इंसानियत की कब्र पर बन रहा आपका यह महल भी एक दिन बिखर जाएगा।

तेजस्वी चुप, RJD प्रवक्ता ने हिटलरशाही कहा

RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पप्पू यादव का नाम लिए बिना कहा है कि सरकार के खिलाफ जो भी आवाज उठा रहा, सरकार गिरफ्तार कर जेल भेज रही है। तेजस्वी यादव पर भी आधा दर्जन मुकदमे कर दिए गए थे। सरकार की हिटलरशाही, तानाशाही नहीं चलने दी जाएगी। लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्या ने पप्पू यादव का नाम नहीं लिया है लेकिन एंबुलेंस मामले में लिखा है- अंधेर नगरी चोरों के राजा…! बना है गुनाहों में सृजन चोर…! एंबुलेंस चोर का सहवाला…! दिनदहाड़े धृतराष्ट्र बनकर महलों में बैठा…! रात में गांजा मारकर कुंभकर्णी नींद में सोया…!!

पप्पू यादव को तत्काल रिहा किया जाएः माले

भाकपा-माले राज्य सचिव कुणाल ने पूर्व लोकसभा सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने सरकार से पूछा है कि क्या BJP सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी के एंबुलेंस घोटाला का पर्दाफाश करने का बदला पप्पू यादव से लिया जा रहा है? बिहार के मुख्यमंत्री क्या इस प्रकार से कोविड की चुनौतियों से निपटने की इच्छा रखते हैं? अब पूरी तरह साबित हो चुका है कि सरकार की अपनी मशीनरी पूरी तरह फेल हो गई है और वह सच्चाई को भी सामने नहीं आने देना चाहती। जो लोग बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की सच्चाई उजागर कर रहे हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। माले पप्पू यादव की तत्काल रिहाई की मांग करती है।

रुढ़ी पर कोई कार्रवाई नहीं और आवाज उठाने वाले को जेलः कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता राजेश सिंह राठौर ने कहा है कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी अलोकतांत्रिक है। रूढ़ी के खिलाफ आवाज उठाने वाले को जेल और उस रूढ़ी पर कोई कार्रवाई नहीं, जिनके यहां एंबुलेंस पड़े रहे। साफ है, मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। सच बोलने वाले की आवाज को दबा रहे हैं।

नीतीश सरकार के दो अहम सहयोगी ने घेरा

पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति गर्मा गई है। नीतीश सरकार के दो अहम सहयोगी हम के अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और वीआईपी के अध्यक्ष सह मंत्री मुकेश सहनी ने पुलिस के इस कदम की आलोचना की है।

पूर्व CM मांझी ने सोशल साइट पर लिखा है कि कोई जनप्रतिनिधि अगर दिन-रात जनता की सेवा करें और उसके एवज में उसे गिरफ्तार किया जाए, ऐसी घटना मानवता के लिए खतरनाक है। ऐसे मामलों की पहले न्यायिक जांच हो तब ही कोई कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, बिहार सरकार के मंत्री मुकेश सहनी ने सोशल साइट पर लिखा है क जनता की सेवा ही धर्म होना चाहिए। सरकार को जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्था व कार्यकर्ता को आमजन की मदद के लिए प्रेरित करना चाहिए। जनप्रतिनिधि को भी कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करते हुए कार्य करना चाहिए। ऐसे समय में सेवा में लगे पप्पू यादव को गिरफ्तार करना असंवेदनशील है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.