बिहार में शराबबंदी कानून लागू है. इसकी धंधेबाजों को कतई चिंता नहीं है. वे धंधा करने से बाज भी नहीं आ रहे हैं. उनके लिए ठेंगे पर कानून है. ऐसे ही मामले में आज रविवार को पुलिस ने मधुबनी में एक बीजेपी नेता को गिरफ्तार किया है. उसके साथ चार अन्य लोगों को भी दबोचा है. वे शराब की होम डिलीवरी करा रहे थे.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बीजेपी बिहार अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री मोहम्मद शकील सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किेया गया है. उनके घर से शराब भी बरामद की गई है. उन सबों की गिरफ्तारी नगर थाना क्षेत्र के चभच्चा चौक पर की गई है. उन लोगों से पूछताछ की जा रही है. बता दें कि पुलिस ने मोहम्मद शकील के बेटे मो. आसिफ को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था.
टाउन थाना के प्रभारी थानेदार अरविंद कुमार के अनुसार, बीजेपी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री शकील अहमद के घर से 45 बोतल बीयर व शराब तथा 60 बोतल नेपाली देसी शराब की बोतलें जब्त की गई हैं. पहले शकील अहमद के बेटे आसिफ को शराब की बिक्री करते पकड़ा गया था. उसी की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके पिता समेत कुल 5 लोगों को पकड़ा गया. बाकी गिरफ्तार किए गए लोगों में सुभाष चौक निवासी भरत कुमार, सूरतगंज निवासी मोहन प्रधान, रोहित नायक एवं सप्ता निवासी दिनेश यादव शामिल हैं. सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.






Leave a Reply