Breaking NewsNational

राज्यों की ‘असमर्थता’ और वैक्सीन की कमी के बीच आज से 18+ का वैक्सीनेशन शुरू

नई दिल्ली. दुनिया में सबसे बड़ा कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम (Covid-19 Vaccination Drive) चला रहे भारत के लिए आज यानी 1 मई बड़ा दिन है. कोरोना की दूसरी लहर (Covid 2nd Wave) की प्रचंड गिरफ्त में आ चुके देश में अब आज से 18 से 44 आयु समूह के लोगों का वैक्सीनेशन भी शुरू किया जा रहा है. आधिकारिक तौर पर 28 अप्रैल से कोविन ऐप पर इसके लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो चुकी है. लेकिन देश में वैक्सीनेशन की राह में इस वक्त सबसे बड़ी समस्या वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर अफरातफरी है. केंद्र सरकार वैक्सीनेशन के दायरे को बढ़ाने के लिए 18+ वालों को शामिल तो कर चुकी है लेकिन कई राज्य वैक्सीन की अनुपलब्धता का हवाला देकर असमर्थता भी जाहिर कर रहे हैं.

18+ वालों के वैक्सीनेशन के लिए सबसे मुखर रूप में असमर्थता आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की तरफ से जाहिर की गई है. बीते गुरुवार को उन्होंने कहा कि 18+ वालों की वैक्सीनेशन प्रक्रिया सितंबर महीने से ही शुरू हो पाएगी. उनका कहना है कि वैक्सीन की कमी की वजह से पहले 45 से अधिक आयुवर्ग वालों का ही वैक्सीनेशन होगा और फिर उसके बाद 18 से ऊपर वालों का. इस देर के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत इस वक्त हर महीने सात करोड़ वैक्सीन का उत्पादन कर रहा है. लेकिन पूरे देश में 18 से 45 वर्ष के लोगों के लिए करीब 120 करोड़ वैक्सीन डोज की आवश्यकता है. आंध्र प्रदेश के एक स्वास्थ अधिकारी ने कहा कि हम हर दिन करीब 6 लाख लोगों का वैक्सीनेशन कर सकते हैं लेकिन वैक्सीन की कमी सबसे बड़ी बाधा है.

वैक्सीनेशन पर राज्यों की समर्थता
हालांकि वैक्सीन को लेकर महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित अन्य कई राज्य भी अपनी परेशानियां सार्वजनिक कर चुके हैं. केरल ने तो नई गाइडलाइन में कहा है कि वह पहले दूसरी डोज वालों के वैक्सीनेशन पर ध्यान देगा. राज्य ने केंद्र से 50 लाख वैक्सीन डोज की डिमांड की है. इस बीच केंद्र लगातार राज्यों के पास वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर आश्वस्तता जाहिर करता रहा है.

वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने पर काम कर रहे हैं: केंद्र
शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 45+ वालों का वैक्सीनेशन 1 मई के बाद भी पूर्ववत जारी रहेगा. वैक्सीन की कमी पर मंत्रालय ने कहा-हम वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. सरकार उत्पादक कंपनियों के साथ लगातार संपर्क में बनी हुई है. 1 मई से शुरू हो रहा है वैक्सीनेशन शुरुआती कुछ दिन धीमा रह सकता है लेकिन जल्द ही रफ्तार पकड़ लेगा. जो राज्य उत्पादकों से वैक्सीन हासिल कर सकते हैं वो कल से 18+ वालों का वैक्सीनेशन भी शुरू कर सकते हैं.


18-44 आयु समूह वालों के पास वैक्सीन चुनने का भी विकल्प

कोविन ऐप चीफ आरएस शर्मा ने कहा है कि अब 18 से 44 उम्र समूह के लोगों के पास प्राइवेट सेंटर पर वैक्सीन चुनने का विकल्प मौजूद होगा. शर्मा ने यह स्पष्ट किया है कि वैक्सीन चुनने का विकल्प अब भी सिर्फ प्राइवेट सेंटर पर ही मौजूद होगा. वो कहते हैं-सरकारी सेंटर्स पर अब भी उपलब्ध वैक्सीन के हिसाब से ही वैक्सीनेशन किया जाएगा. साथ ही इस बात का विशेष खयाल भी रखना होगा कि दूसरा डोज भी उसी वैक्सीन का लें जिसका पहला डोज लिया है. वहीं प्राइवेट सेंटर्स को ये बताना होगा कि उनके पास कौन सी वैक्सीन मौजूद है और उसका रेट क्या है. कोविन ऐप पर प्राइवेट सेंटर्स पर मौजूद वैक्सीन और उसकी कीमत प्रदर्शित की जाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.