Breaking NewsDELHI

सर गंगाराम में फिर गहराया ऑक्‍सीजन संकट, हॉस्पिटल का दावा- 3 दिन से नहीं भरे जा रहे सिलेंडर

दिल्‍ली. कुछ दिनों पहले ही दिल्‍ली (Delhi) के बड़े अस्‍पतालों में से एक सर गंगाराम (Sir Gangaram) में ऑक्‍सीजन की कमी से 25 मरीजों की मौत गई थी और 60 गंभीर रूप से बीमार पेशेंट की जान पर बन आई थी. इसके बावजूद सर गंगाराम हॉस्पिटल में ऑक्‍सीजन (Oxygen) की समस्‍या खत्‍म नहीं हो रही है. अस्‍पताल ने बताया कि हॉस्पिटल में ऑक्‍सीजन के 104 सिलेंडर हैं. आपात परिस्थितियों में इसका इस्‍तेमाल गंभीर रूप से बीमार कोरोना मरीजों के लिए किया जाता है. अस्‍पताल प्रबंधन ने बताया कि सभी 104 सिलेंडर को रिफिलिंग के लिए तीन दिन पहले 3 लोकेशन पर भेजा गया है, लेकिन 72 घंटे बीतने के बावजूद इन सिलेंडर को अभी तक नहीं भरा गया है. ऐसे में गंभीर संकट की स्थिति उत्‍पन्‍न हो गई है. किसी तरह से दो सिलेंडर की व्‍यवस्‍था की गई है, जो जल्‍द ही खत्‍म होने वाला है.

दरअसल, सर गंगाराम अस्पताल ही नहीं दिल्ली के कई अन्य हॉस्पिटलों में भी ऑक्सीजन की समस्या हो रही है. जयपुर गोल्डन अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई न होने के चलते 20 लोगों की मौत हो गई. इसके बाद साइबर सिटी गुरुग्राम के निजी अस्पताल में ऑक्सीजन सप्लाई खत्म होने से 4 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का मामला सामने आ चुका है. खांडसा रोड स्थित कथूरिया अस्पताल में 11 बजे ही ऑक्सीजन सप्लाई खत्म होने लगी थी. अस्पताल प्रबंधन ने इसको लेकर कई बार जिला प्रशासन के अधिकारियों के संज्ञान में इस मामले को लाया, लेकिन ऑक्सीजन सप्लाई की भारी किल्लत के चलते सही समय पर इसकी आपूर्ति नहीं हो सकी. इसके चलते अस्पताल में इलाज करवा रहे 4 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई.


हर तरफ ऑक्‍सीजन संकट
हफ्ते भर से दिल्ली एनसीआर में ऑक्सीजन की सप्लाई को लेकर हा’हाकार मचा हुआ है. गुरुग्राम के तमाम बड़े अस्पतालों ने ऑक्सीजन की कमी को लेकर न केवल ट्वीट किए, बल्कि सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन और सरकार की कार्यशैली को कठघरे में खड़ा किया. इसके बावजूद अभी भी अस्पतालों को सुविधाजनक ऑक्सीजन सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा सामने आया है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.