Breaking NewsDELHI

केजरीवाल ने टाटा-बिरला, अंबानी से मांगी मदद, कहा- ऑक्सीजन हो तो दीजिए

नई दिल्ली. दिल्ली में कोरोना संक्रमण आउट ऑफ कंट्रोल हो गया है, ऐसे में अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी (Oxygen Crisis) लगातार बनी हुई है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind kejriwal) ने देशभर के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखने के बाद अब देश के बड़े उद्योगपतियों को चिट्ठी लिखकर दिल्ली के लिए ऑक्सीजन की सहायता मांगी है.

टाटा, बिरला, अंबानी, बजाज, हिंदुजा, महिंद्रा और कई बड़े उद्योगपतियों को लिखी चिट्ठी में सीएम केजरीवाल ने उनसे ऑक्सीजन के लिए सहयोग मांगा है. उन्होंने कहा कि ‘अगर आपके पास ऑक्सीजन और टैंकर हो तो दिल्ली सरकार की मदद करें. ऐसे समय में आपसे जो भी सहयोग हो सकता हो जरूर कीजिए.’

इससे पहले आज ही केजरीवाल ने बताया था कि, ‘कल मैंने देश के सभी सीएम को पत्र लिखा है कि अगर उन राज्यो में ऑक्सीजन मौजूद है और हमें दी जा सकती है. हमने एक पोर्टल भी तैयार किया है , हर 2 घण्टे में मैन्‍यूफैक्‍चरर से लेकर एंड यूजर तक अपडेट देनी होगी. सारी जानकारी उसमे अपडेट की जाएगी.’ उन्‍होंने कहा कि दिल्‍ली में बहुत ज्यादा कोरोना का कहर बढ़ गया है. तेजी से बढ़ते केसों को देखकर यहां लॉकडाउन लगाना जरूरी हो गया था. अभी भी मामले कम नही हो रहे हैं. इसलिए 26 अप्रैल से 3 मई सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है. अभी भी राज्‍य के अस्‍पताल ऑक्‍सीजन की कमी से जूझ रहे हैं.
ऑक्सीजन का मैनेजमेंट जरूरी हो गया है: केजरीवाल

सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिल्‍ली में लॉकडाउन में संक्रमण दर 36-37 फीसदी तक पहुच गई है. आज तक इतनी संक्रमण दर दिल्ली में नही देखी गई. आज 30 के नीचे आई है , लेकिन अभी और तथ्य देखने होंगे. वहीं दिल्ली में ऑक्सीजन की समस्या फिलहाल बनी हुई है. दिल्ली की जरूरत 700 टन की है. केंद्र से 480 टन अलॉट हुई है. अभी 10 टन और बढ़ा दी गई है लेकिन पूरी अलॉटमेंट भी नही मिल पा रही है. दिल्ली में सिर्फ 330-335 टन ही पहुंच रही है. ऑक्सीजन को लेकर मैनेजमेंट करना जरूरी हो गया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.