देहरादून. उत्तराखंड (Uttarakhand) में कोरोना के बढ़ते मामले थम नहीं रहे. राजधानी देहरादून में भी लगातार संक्रमण के केस आ रहे हैं. इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने कोरोना कर्फ्यू (Corona Curfew) की अवधि 26 अप्रैल से बढ़ाकर 3 मई तक कर दी है. देहरादून के डीएम ने इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं. प्रशासन के आदेश के मुताबिक देहरादून (Dehradun) में 26 अप्रैल की शाम 7 बजे से लेकर 3 मई के सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा. इस दौरान निजी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. आदेश के तहत ऋषिकेश नगर निगम, छावनी परिषद गढ़ी कैंट, क्लेमन्टाऊन इलाकों में लोगों की आवाजाही पर पाबंदी होगी.
इस बीच उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 4,368 नए मामले सामने आए हैं. वहीं इस अवधि में 1,748 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं. विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान कोरोना की वजह से 44 लोगों की मौत हो गई है. प्रदेश में अभी कोरोना के कुल एक्टिव मामलों की संख्या 35864 पर पहुंच गई है. इस महामारी से अब तक 1,10,664 लोग उबर चुके हैं. वहीं, अब तक 2164 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है.








Leave a Reply