Breaking NewsENTERTAINMENT/FILM

Nyay The Justice Teaser : सुशांत सिंह राजपूत पर बनी फिल्म में दिखेगा सच !

मुंबई: बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था. इस मुद्दे पर लंबे समय तक मीडिया में सुर्खियां बनी रहीं. सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर आधारित ‘न्याय : द जस्टिस’ (Nyay : The Justice) का टीजर सामने आया है. 58 सेकंड के इस टीजर के हर सीन में सुशांत की मौत से जुड़े घटनाक्रमों को फिल्माया गया है.

टीजर में दिख रहा है कि न्यूज चैनल्स पर आई ब्रेकिंग न्यूज से फिल्म शुरू होती है. मेकर्स ने सुशांत की मौत के बाद वायरल हुई फोटो की तरह लीड एक्टर के सीन हैं. यहां तक कि जिस तरह सुशांत की मौत के बाद उनके कमरे के पंखे से लटके दुपट्टे का जिक्र खूब हुआ था, उसी तरह फिल्म के टीजर में भी पंखे से लटका दुपट्टा दिखाया गया है.

सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद नेपोटिज्म पर भी काफी बवाल हुआ था. फिल्म ‘न्याय : द जस्टिस’ 11 जून को रिलीज होगी. टीजर में सुशांत और रिया चक्रवर्ती के रिश्ते को दिखाया है. सुशांत का किरदार जुबैर ने निभाया है जबकि रिया का किरदार श्रेया शुक्ला प्ले कर रही हैं. सुशांत सिंह राजपूत के किरदार का नाम फिल्म में ‘महेंद्र उर्फ माही’ रखा गया है. जबकि रिया चक्रवर्ती का नाम उर्वशी है. फिल्म में अमन वर्मा ईडी के चीफ, असरानी, शक्ति कपूर एनसीबी चीफ, आनंद जोग मुंबई पुलिस कमिश्नर, सोमी खान सेलेब्रिटी मैनेजर, अरुण बख्शी बॉलीवुड फिल्ममेकर और सुधा चंद्रन सीबीआई चीफ का किरदार निभा रही हैं.

बता दें कि फिल्म घोषणा के साथ ही विवादों में आ गई थी. खुद को सुशांत सिंह राजपूत का फैन बताने वाले मनीष मिश्रा नाम के समाजसेवी ने फिल्म पर तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करने और सुशांत की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया था.


एक्टर सुशांत सिंह राजपूत 14 जून, 2020 को मुंबई के अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे. मुंबई पुलिस के मुताबिक सुशांत नवंबर 2019 से डिप्रेशन में थे और मुंबई के ही एक डॉक्टर से उनका इलाज चल रहा था.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.