BIHARBreaking NewsSTATE

लोजपा को नए सिरे से संवारने में जुटे चिराग पासवान, बनाई 21 प्रवक्ताओं की टीम

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के अध्‍यक्ष चिराग पासवानबिहार विधान सभा चुनाव- 2020 के बाद राजनीतिक मैदान में हाशिये पर जा चुकी पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी में हैं। उनके निर्देश व सलाह के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने पिछले सप्ताह ही बिहार के कुछ एक जिलों को छोड़कर जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी। सोमवार को उन्होंने प्रदेश इकाई के लिए पार्टी के 21 प्रवक्ताओं की सूची जारी की। कृष्ण सिंह कल्लू को प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता की दोहरी जिम्मेवारी दी गई है।

करारा झटका, हिम्‍मत बरकरार

दरअसल, चुनाव में लोजपा एक मात्र सीट ही जीत पाई थी। लोजपा के विधान सभा में इकलौते विधायक राजकुमार हाल ही में जदयू में शामिल हो गए। उसके पहले लोजपा की एक मात्र विधान पार्षद नीतू सिंह भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। नीतू सिंह भाजपा नेता व पर्यावरण मंत्री नीरज कुमार बबलू की पत्‍नी हैं। इसके अलावा लोजपा के 200 से ज्‍यादा नेता व कार्यकर्ता भाजपा, जदयू और राजद का दामन थाम चुके हैं। अब भाजपा छोड़कर विधान सभा चुनाव के समय लोजपा में शामिल हुए बड़े नेताओं की भी घर वापसी की तैयारी है। चुनाव के दौरान भाजपा के वरिष्‍ठनेता राजेंद्र सिंह उषा विद्यार्थी, रामेश्‍वर चौरसिया व रवींद्र यादव जैसे संगठन गढ़नेवाले नेताओं ने पाला बदलकर लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। अब भाजपा संगठन की मजबूती के लिए बंगाल विधान सभा चुनाव के बाद इन नेताओं के लिए दरवाजा खोलने की तैयारी में है।

हालांकि इसके बाद भी चिराग पासवान ने हिम्‍मत नहीं हारी है। उन्‍होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नए सिरे से जान फूंकते हुए संघर्ष के लिए तैयार होने की अपील की है।

ये बनें नए प्रवक्‍ता

श्रवण कुमार अग्रवाल, अजय कुशवाहा, सुरेंद्र विवेक, राजेश भट्ट, अमर आजाद, अशरफ अंसारी एवं प्रो. विनीत सिंह प्रवक्ता बनाए गए हैं। अमर सिंह कुशवाहा, नरेश प्रसाद, शोभा सिन्हा पासवान, साजेश पासवान, संगीता तिवारी, राकेश रौशन, कोमल सिंह, कृष्ण सिंह कल्लू, राजेश वर्मा, अभय सिंह, विकास मिश्रा, वेद प्रकाश पाण्डेय, चंदन सिंह और सुरभि ठाकुर पैनलिस्ट प्रवक्ता बनाए गए हैं। निशांत मिश्रा, कुंदन पासवान एवं रवि रंजन कर्ण को सह मीडिया प्रभारी बनाया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.