BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर में भाजपा के स्थापना दिवस पर सम्मानित होंगे वरीय कार्यकर्ता

स्थापना दिवस एवं बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती की तैयारी को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि छह अप्रैल को स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। चार और पांच अप्रैल को जिले के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला पदाधिकारी चार-चार बूथों पर स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां बूथ स्तर पर पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। छह अप्रैल को सभी मंडल मुख्यालय एवं जिला मुख्यालय पर पार्टी का झंडा फहराने के बाद जनसंघ काल के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए तैयारी समिति का गठन कर लिया गया है।

इसके अलावा 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की जयंती पर स्लम बस्ती के निर्धन बच्चों में पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाएगा। इससे पहले बैठक की शुरुआत में वैशाली भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश कुशवाहा के असामयिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

बैठक में मुख्य रूप से जिला महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी सचिन कुमार, धर्मेंद्र साहू, जिला उपाध्यक्ष ब्रज बिहारी पासवान, निर्मला साहू, अंजना कुशवाहा, जिला मंत्री इंदिरा सिंह, संजीव झा, सुरेश कुमार चौधरी, जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ कुमार, किसान मोर्चा अध्यक्ष उमेश पांडेय, राम बालक शर्मा, नंद किशोर पासवान एवं आइटी सेल संयोजक अभिषेक सौरभ मौजूद थे।

थर्मल के मेनगेट पर कामगारों ने किया प्रदर्शन

एनटीपीसी (केबीयूएनए) पावर प्लांट में संबद्ध एक कंपनी में कार्यरत कामगारों ने छंटनी का आरोप लगाते हुए शनिवार को प्लांट के मेनगेट व कॉलोनी गेट पर प्रदर्शन किया। कुछ देर बाद कामगार यूनियन व प्रबंधन के बीच बातचीत हुई। इसमें छंटनी नहीं किए जाने के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ। थर्मल के पीआरओ अतुल पाराशर ने मामला सुलझ जाने की बात कही है। जानकारी के अनुसार कंपनी में कार्यरत सैकड़ों कामगार थर्मल के मेनगेट पर एकत्र होकर आवाजाही रोक दी। इससे पूरे प्लांट में कामकाज बाधित हो गया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने कॉलोनी गेट पर भी तालाबंदी कर दी। इधर कॉलोनी परिसर व डीएवी स्कूल के सैकड़ों बच्चों को परेशानी हुई। बाद में कांटी पुलिस ने पहुंचकर ताला खुलवाया। कामगारों का कहना था कि बगैर कारण बताए 11 कामगारों की छंटनी की गई है। कई माह से दर्जनों श्रमिक बैठे हैं। कामगारों ने ठीकेदार पर भी मजदूरी में कटौती करने का आरोप लगाया।  

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.