Breaking NewsMADHYA PRADESH

कोरोना ने फीकी की होली; भोपाल में सन्नाटा, जबलपुर में दुबके लोग, इंदौर भी सुनसान, ग्वालियर में उड़े रंग

प्रदेश में कोरोना वायरस का जबरदस्त असर है. प्रदेश के प्रमुख जिलों में होली का त्योहार होने के बावजूद सड़कों पर सन्नाटा है. हालांकि, कुछ जिलों में गलियों-मोहल्लों और घरों में चोरी-छुपकर होली खेली जा रही है.

होली के मौके पर राजधानी भोपाल में कोरोना का साया साफ नजर आ रहा है. सड़कों पर पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती हुई लोगों को चेतावनी दे रही है कि वह सड़कों पर निकल कर होली न मनाएं. वहीं, दूसरी तरफ पुलिस के इस डर से लोग गलियों में दुबक कर होली मनाने को मजबूर हैं. राजधानी भोपाल के रोशनपुरा इलाके में कुछ ऐसी ही तस्वीर नजर आईं जहां चौराहे पर पुलिस की कई गाड़ियां एक साथ पेट्रोलिंग करती हुईं बेवजह घूम रहे लोगों को घर वापस जाने की हिदायत देती रहीं.

बच्चों को रोक पाना मुश्किल

उधर, सड़क के आसपास बसी बस्तियों में लोग अबीर गुलाल उड़ाते नजर आए. हालांकि छोटे बच्चों को रोक पाना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन पुलिस के डर से वह भी सड़कों पर होली खेलने नहीं निकले. दरअसल पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों को यह हिदायत दी गई है कि शहर में धारा 144 लगाई गई है और लोगों को अपने घरों के अंदर रहकर ही होली मनानी है.

Corona effect in Madhya Pradesh, holi festival, covid 19 fear, Corona की होली, Corona vaccination, Coronavirus, covid 19, MP big news, Madhya Pradesh, Bhopal big news, today’s big news, Bhopal today’s news, Mega news, corona in MP, corona in Bhopal, मध्य प्रदेश की बड़ी खबर, भोपाल की बड़ी खबर, आज की ताजा खबर, मप्र में कोरोना, भयावह कोरोना, कोरोना का कहर
गली-मोहल्लों में लोगों ने होली खेल ही ली.

सीएम पहुंचे पन्ना टाइगर रिज़र्व

उधर, सीएम शिवराज होली मनाने परिवार के साथ पन्ना पहुंचे हुए हैं. सीएम ने होली पर  बरगद का पौधा रोपा. मुख्यमंत्री हर रोज़ एक पौधा लगा रहे हैं. पौधा रोपण के मौके पर वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने स्थानीय वन विभाग के अमले को होली पर्व की बधाई भी दी. सीएम शिवराज ने लोगों को घर पर रहकर होली मनाने की अपील की है.

मंत्रियों के बंगलों पर सन्नाटा

मंत्रियों के बंगलों पर भी होली के मौके पर सन्नाटा पसरा रहा. आम दिनों की होली पर जहां मंत्रियों के बंगलों पर सैकड़ों की संख्या में लोगों का जमावड़ा रहता था, उन बंगलों में  केवल सुरक्षाकर्मी तैनात दिखाई दिए. भोपाल के स्थानीय विधायक और मंत्री विश्वास सारंग ने भी घर पर रहकर ही होली मनाई और कुछ लोगों से ही अबीर गुलाल लगवाया. विश्वास सारंग ने कहा कि अगर होली के मौके पर लोग संयम बरतेंगे तो कोरोना पर विजय जरूर मिलेगी.

इंदौर में सड़कें सूनी, पसरा सन्नाटा

इंदौर में प्रशासन के आदेश का पालन सख्ती से हो रहा है. मुख्य सड़कें सूनी पड़ी हैं, कोई दिखाई नहीं दे रहा. सामान्य तौर पर इक्का-दुक्का लोगों की आवाजाही जारी है. पुलिस भी चौराहों की तरफ रुख कर रही है. लेकिन गली-मोहल्लों में बच्चे सुबह से पिचकारी और रंगों की थैली लेकर मस्ती कर रहे हैं. वहीं ग्रामीण इलाकों में लोग सादगी से एक-दूसरे से मिलकर होली मना रहे हैं.

जबलपुर में पुलिस का जबरदस्त बंदोबस्त

जबलपुर में पुलिस का जबरदस्त बंदोबस्त है. यहां पुलिस की सख्ती के बीच होली खेली जा रही है. गली-मोहल्ले में बच्चे सुबह रंग, गेरू और लाल मिट्‌टी की होली खेलते नजर आए. लोग अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे से गले मिल रहे हैं. होली पर किसी सार्वजनिक आयोजन पर रोक है, तो जुलूस या टोली में होली खेलने पर भी पाबंदी है. पूरे शहर में पुलिस की 14 अस्थाई चौकियां, 130 पॉइंट और करीब 70 मोबाइल पार्टियां बनाई गई हैं, जो लगातार नजर रख रही हैं.

ग्वालियर में हो रही जमकर मस्ती

ग्वालियर में कोरोना के डर को नजरअंदाज करते हुए लोग होली मना रहे हैं. गली मोहल्लों से लेकर बाजारों में जमकर अबीर-गुलाल उड़ रहा हैं और सारे नियम टूट रहे हैं. न तो सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा जा रहा है न ही लोग मास्क पहन रहे हैं. हां इस बार जुलूस, रैली ओर होली की टोलियां घूमते नजर नहीं आई हैं. सुरक्षा व्यवस्था के भी पूरे इंतजाम हैं. करीब 1400 जवान और अफसर होली के मौके पर सुरक्षा में लगे हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.