खेला होबे… भालो होबे….
-ई खेला बांगलाये होबे ना, गुजराते होबे..
-भारत-इंग्लैंड एर माझे टी 20 डिसाइडर मैच
हरि वर्मा
आज के खेला होबे…। भालो होबे…। ई खेला बांगलाये होबे ना, गुजराते होबे..। भारत-इंग्लैंड एर माझे टी 20 डिसाइडर मैच। भारत सीरीज जेतार जन्ये माठे नामबे। आशुन खेला देखी…।
@नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद।
…
खेला बंगाल में भी है। खेला गुजरात में भी है। गुजरात वाला खेल आज निर्णायक है। टी 20 क्रिकेट मैच में 2-2 की बराबरी पर भारत-इंग्लैंड है। टीम इंडिया के लिए आज मैच जीत कर सीरीज पर कब्जा करने का मौका है।
भारत के लिए टॉस जीतना मायने रखने वाला है। आर-पार वाले इस क्रिकेट मैच में भारत से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है। ओपनर बल्लेबाजों केएल राहुल और रोहित के सामने ठोस शुरुआत की चुनौती है।
आर्चर की घातक गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजों को दीवार की तरह खड़ा होना पड़ेगा। आदिल राशिद विराट को विराट स्कोर से रोक रहे हैं, उनकी चुनौतियों का सामना करना होगा। मोर्गन, स्टोक्स को सस्ते में निपटाना होगा। भारत आज टी 20 क्रिकेट सीरीज जीतने के इरादे से नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उतरेगा। यह टी 20 सीरीज संयोग भी है, प्रयोग भी। संयोग यह है कि नरेंद्र मोदी के नाम वाले इस स्टेडियम में टीम इंडिया का प्रदर्शन मजबूत रहा है। प्रयोग यह है कि टी 20 विश्व कप का आयोजन इस बार भारत में ही होने वाला है। ऐसे में दोनों शीर्ष टीमें एक-दूसरे को विश्व कप टी 20 के लिहाज से परखने के लिए आमने-सामने होंगी। इस सीरीज के चौथे टी 20 में भारतीय आकाश में न केवल सूर्य चमका बल्कि बराबरी पर लाकर रोमांच को बढ़ा दिया है।
उधर,बंगाल पॉलिटिकल लीग
…………………………

हालांकि, बंगाल के खेल (पॉलिटिकल लीग) का निर्णय 2 मई को सामने आएगा। वहां के पॉलिटिकल लीग का पहला मैच आज से सात दिन बाद 27 मार्च को खेला जाएगा लेकिन 1 अप्रैल को नंदीग्राम ग्राउंड का मैच अहम है। यहां ममता व शुभेंदु के साथ-साथ भाजपा-तृणमूल की किस्मत टिकी है। 8 चरणों के चुनावी सीरीज के बंगाल पॉलिटिकल लीग का नतीजा 2 मई को ईवीएम यानी एमवीएम (एम मतलब ममता व एम मतलब मोदी वोटिंग मशीन) से निकलेगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि घायल ममता व्हील चेयर से सत्ता की कुर्सी तक की हैट्रिक लगा पाती हैं या नहीं। बंगाल में संयोग यह है कि ममता को इस बार ‘बाहरी’ के साथ-साथ ‘घरवालों’ (तृणमूल के बागियों) से भी भिड़ना पड़ रहा है। भाजपा के लिए प्रयोग यह है कि उसका हर हाल में सीटों की संख्या के लिहाज से बंगाल में विकास होबे…। खेला होबे बनाम विकास होबे वाले इस पॉलिटिकल सीरीज का रोमांच भी दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। आईए, आज गुजरात वाला खेला देखते हैं। बंगाल वाले सीरीज के लिए नेट प्रैक्टिस जारी है। अभ्यास मैच तो देख ही रहे हैं। वैसे, यह बंगाल के मतदाताओं पर छोड़ देते हैं कि 2 मई को वे वहां के खेला का चैंपियन किसे बनाते हैं। … तो फिर मिलते हैं ब्रेक के बाद। तब तक कीजिए इंतजार- खेला होबे…।








Leave a Reply