Breaking NewsMAHARASHTRASTATE

ब्रेकिंग : फिर बढ़ा कोरोना, वीकेंड लॉकडाउन हुआ लागू; 15 मार्च के बाद शादियों की इजाजत नहीं

नासिक. कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों  के कारण महाराष्ट्र स्थित नासिक (Nashik Coronavirus) जिला प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है. जिले में कोरोनो वायरस के मामलों की संख्या सोमवार को  626 से बढ़कर 1,26,570 तक पहुंच गई है. इस दौरान 389 लोग ठीक हुए वहीं छह लोगों की मौ’त हो गई. जिले में अब तक 2,140 लोग कोरोना के चलते मा’रे जा चुके हैं. वहीं  1,20,204  लोग डिस्चार्ज किये जा चुके हैं.

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा स्थिति की समीक्षा करने के बाद प्रतिबं’ध लागू करते हुए जिला प्रशासन ने कहा कि 15 मार्च से शादियों की अनुमति नहीं दी जाएगी. पहले से जिन शादियों अनुमति दे दी गई है, उन्हें 15 मार्च तक निपटाने को कहा गया है. इसके बाद अगले आदेश तक कोई अनुमति नहीं मिलेगी.

आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों को छोड़कर सभी दुकानें और प्रतिष्ठान शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रहेंगे. रात 9 बजे तक रेस्तरां बंद हो जाएंगे. हालांकि, रात 11 बजे तक होम डिलीवरी की अनुमति होगी. नासिक शहर, मालेगाँव और कुछ अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, कोचिंग कक्षाएं बंद कर दी जाएंगी.

रात 9 बजे तक बंद हो जाएंगे परमिट रूम
परमिट रूम 50 फीसदी क्षमता पर चलाए जाएंगे हालंकि इन्हें रात 9 बजे तक बंद करना होगा. पूजा स्थल सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुले रहेंगे और वीकेंड में बंद रहेंगे. कहा गया है कि क्षेत्र में पहले से निर्धारित परीक्षा जैसे यूपीएससी और एमपीएससी आयोजित की जाएगी.

नासिक में कोरोना टेस्टिंग की कुल संख्या 5,61,783 हो गई है. इस बीच, ठाणे नगर निगम ने मंगलवार से 31 मार्च तक कोविड हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लॉकडाउन लगा दिया है. अब तक 16 क्षेत्रों को ठाणे में हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है.  दो दिनों तक 11,000 से अधिक मामलों के बाद महाराष्ट्र में सोमवार को कोविड-19 के  8,744 मामले ही पाए गये. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि रविवार को राज्य में 11,141 नए मामले आए शुक्रवार और शनिवार को राज्य में क्रमशः 10,216 और 10,187 मामले दर्ज किए गये थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.