Breaking NewsWEST BENGAL

पीएम मोदी आज कोलकाता से फूकेंगे चुनावी बिगुल, मिथुन भी होंगे साथ

कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections 2021) में बीजेपी के चुनावी अभियान को धार देने के लिए आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में एक रैली को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री की आज होने वाली रैली को भगवा दल द्वारा इस साल फरवरी में शुरू की गई परिवर्तन यात्रा का समापन कार्यक्रम बताया जा रहा है. बता दें कि पीएम मोदी की इस मेगा रैली में बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी शामिल होंगे.

बीजेपी के एक नेता ने कहा, प्रधानमंत्री ब्रिगेड परेड मैदान में रैली के साथ ही चुनावी अभियान का बिगुल फूकेंगे. राज्य में आठ चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद आज प्रधानमंत्री मोदी की ये रैली पश्चिम बंगाल में बीजेपी का पहला बड़ा कार्यक्रम होने जा रही है.

Loading video

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 57 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 57 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगा दी है. शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ेंगे. बता दें इसी सीट से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. अधिकारी कुछ महीने पहले ही तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं.

पीएम की रैली में शामिल होंगे मिथुन चक्रवर्ती

रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के अलावा बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बताया है कि बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होंगे. बता दें कि शनिवार को मिथुन चक्रवर्ती और कैलाश विजयवर्गीय की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद ये तय हो गया था कि मिथुन भी पीएम मोदी की रैली में मंच पर मौजूद रहेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.