Breaking NewsENTERTAINMENT/FILM

अमिताभ बच्चन की आंख की हुई स’र्जरी, कहा- ‘खाली बैठा हूं, ज्यादातर समय मेरी आंखें बंद हैं’

मुंबई. बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने सोमवार को बताया कि उनकी एक आंख की सर्जरी हुई है. बच्चन ने दो दिन पहले ही अपने आधिकारिक ब्लॉग के जरिए संकेत दिया था कि स्वास्थ्य संबंधी किसी परेशानी के कारण उन्हें ऑपरेशन कराने की आवश्यकता है. 78 वर्षीय अभिनेता ने सोमवार को अपने ब्लॉग पर लिखा कि ऑपरेशन के बाद उनकी आंख के ठीक होने की गति धीमी है और उनकी टाइप करने संबंधी त्रुटियों को नजरअंदाज किया जाए.

बच्चन ने लिखा, ‘इस उम्र में आंख की सर्जरी बहुत नाजुक होती है और इसे बहुत ध्यान से करना होता है.’ उन्होंने लिखा कि ऑपरेशन के बाद उनकी आंख के ठीक होने की गति धीमी है, इसलिए यदि टाइप करने में कोई गलती हो, तो उन्हें इसके लिए माफ कर दिया जाए. बच्चन ने दूसरी आंख की सर्जरी के संकेत दिए और उम्मीद जताई कि निर्देशक विकास बहल की आगामी फिल्म की शूटिंग से पहले वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे.

अमिताभ बच्चन ब्लॉग प्रिंटशॉट


उन्होंने लिखा, ‘‘आप सभी को मेरा प्यार. आंख ठीक होने की गति धीमी है और मेरी दूसरी आंख का भी ऑपरेशन होना है, इसलिए यह लंबी प्रक्रिया है. मैं उम्मीद करता हूं कि कुछ दिनों में मेरी आगामी फिल्म की शूटिंग से पहले मैं स्वस्थ हो जाऊंगा. मैं विकास बहल की नई फिल्म में काम करूंगा, जिसका शीर्षक संभवत: ‘गुड बाय’ होगा.’’ बच्चन ने लिखा, ‘मैं खाली बैठा हूं, ज्यादातर समय मेरी आंखें बंद हैं और मैं संगीत सुनने की कोशिश करता हूं.’ शनिवार को जब उन्होंने अपने स्वास्थ्य के खराब होने की जानकारी दी, तो उसके बाद से उन्हें मिल रहे प्यार एवं समर्थन से वह अभिभूत हैं.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.