मुंबई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) में कोरोना के नए मामले (New Corona Cases) एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं. बीते 24 घंटे में महानगर में 1167 मामले सामने आए हैं. यह जानकारी महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने दी है. पूरे महाराष्ट्र में 8,807 मामले सामने आए हैं. चिंताजनक बात ये है कि राज्य और मुंबई में बीते दो दिनों से नए मामलों की संख्या में कमी आई थी. मंगलवार को मुंबई में 643 तो पूरे राज्य में 6218 मामले सामने आए थे.
महाराष्ट्र के कई जिलों में राज्य सरकार ने बढ़ते मामलों के मद्देनजर लॉकडाउन की घोषणा भी कर दी है. राज्य सरकार में मंत्री नितिन राउत ने सोमवार को कहा था कि नागपुर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की वजह से सात मार्च तक जिले में सख्त पाबंदी लगाई जा रही है. जिले के प्रभारी मंत्री राउत ने समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया था कि मंगलवार से सात मार्च तक जिले के सभी सकूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे जबकि प्रमुख बाजार इस अवधि में शनिवार एवं रविवार को नहीं खुलेंगे. उन्होंने बताया कि बारात घरों को 25 फरवरी से सात मार्च तक इस्तेमाल नहीं करेंगे और राजनीतिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनुमति नहीं होगी.
इसके अलावा अमरावती के एक सप्ताह के लॉकडाउन के अलावा आस-पास के अन्य चार जिलों पर भी कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं. ये जिले हैं अकोला, वाशिम, बुल्ढाना और यवतमाल. मंत्री यशोमति ठाकुर ने कहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए अमरावती में एक सप्ताह के लॉकडाउन की जरूरत थी. लॉकडाउन के दौरान मूलभूत जरूरतों की दुकानें छोड़कर अन्य सभी दुकानें और बाजार बंद रहेंगे. प्राइवेट इंस्टीट्यूट, प्राइवेट कोचिंग क्लासेज और ट्रेनिंग स्कूलों पर भी ये नियम प्रभावी होंगे. लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों की चीजें सुबह 9 से शाम 5 के बीच ही खरीद सकेंगे.
पुणे में रात 11 से सुबह 6 बजे तक घूमने-फिरने पर है रोक
इसके अलावा पुणे में भी लोगों के घूमने फिरने पर रात 11 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक रोक रहेगी. हालांकि, इस दौरान जरूरी कामों से जुड़े लोग आवाजाही कर सकेंगे. जिले में 28 फरवरी तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है. मंत्री विजय वडेट्टीवार ने बताया था कि अगर राज्य में मामले लगातार बढ़ते रहे, तो 12 घंटे का नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) लगाया जा सकता है.






Leave a Reply