Breaking NewsSTATE

Indian Railways ने बढ़ाया किराया, कहा-कम दूरी की ट्रेनों में गैरजरूरी भीड़ को रोकने के लिए उठाया कदम

नई दिल्‍ली. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने कम दूरी की ट्रेनों का किराया बढ़ा (Train Fare Hike) दिया है. इस पर विपक्ष के हंगामे के बाद रेलवे ने सफाई देते हुए कहा कि कोरोनाकाल में शॉर्ट डिस्टेंस ट्रेन में गैर-जरूरी भीड़ बढ़ने से रोकने के लिए किराये में बढ़ोतरी की गई है. अब लोकल ट्रेनों से यात्रा के लिए ज्यादा किराया देना होगा. रेलवे ने लोकल ट्रेनों के किराये में दोगुना तक बढ़ोतरी कर दी है. अब यात्रियों को 25 रुपये की दूरी के लिए 55 रुपये किराया भरना होगा. वहीं, 30 रुपये की जगह अब 60 रुपया किराया वसूला जाएगा.

सिफ 3 फीसदी ट्रेनों के किराये में की गई है बढ़ोतरी

इंडियन रेलवे ने कहा कि कुल संख्‍या की सिर्फ 3 फीसदी ट्रेनों के लिए किराये में बढ़ोतरी की गई है. किराये में की गई इस बढ़ोतरी की मार हर दिन 30-40 किमी तक का सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगी. बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कम दूरी के सफर पर रेलवे की ओर से किराये में की गई इस वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्‍होंने ट्वीट किया कि कोविड-19 आपदा आपकी, अवसर सरकार का, पेट्रोल-डीजल-गैस-ट्रेन किराया. मध्यवर्ग को बुरा फंसाया, लूट ने तोड़ी जुमलों की माया! दो दिन पहले जब राहुल गांधी ने ट्वीट किया था, तब रेलवे ने इसे तथ्‍यात्‍मक रूप से गलत (factually incorrect) बताया था.

‘अभी खत्‍म नहीं हुआ है कोविड-19 का प्रकोप’

रेल मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 अभी खत्‍म नहीं हुआ है बल्कि कुछ राज्‍यों में हालात फिर से बिगड़ रहे हैं. कुछ राज्‍य सुरक्षा के नजरिये से दूसरे राज्‍यों से आने वाले लोगों की स्‍क्रीनिंग कर रहे हैं. यही नहीं, अभी भी कई राज्‍य दूसरे राज्‍यों के लोगों को यात्रा करने से मना कर रहे हैं. उनसे कहा जा रहा है कि बहुत ही जरूरी होने पर सफर करें. बता दें कि भारतीय रेलवे इस समय 1250 मेल या एक्‍सप्रेस ट्रेनें चला रहा है. इसके अलावा 5350 सब-अर्बन ट्रेनें और 326 पैसेंजर ट्रेनें हर दिन चलाई जा रही हैं. रेलवे जरूरत को ध्‍यान में रखते हुए स्‍पेशल ट्रेनों का परिचालन कर रहा है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.