टोक्यो. जापान (Japan) के फुकुशीमा प्रांत के नेमी में शनिवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गए. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.0 मापी गई. यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक इसका केंद्र नेमी से 90 किमी पूर्व-उत्तरपूर्व में था. फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है. भूकंप के बाद फिलहाल सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. सोशल मीडिया पर भूकंप से जुड़े की वीडियो सामने आए हैं जिसमें कि तेज झटकों के कारण अलमारी पर रखी हुई चीजें तेजी से हिलती दिख रही हैं. बता दें पिछले कुछ दिनों से पूरी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रोज भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं.
इससे पहले आर्मीनिया की राजधानी में भी शनिवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया जिसके बाद घबराए लोग इमारतों से निकल कर सड़कों पर आ गए. स्थानीय खबरों में बताया कि भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है. इसमें बताया गया कि भूकंप के कारण दुकानों में सामान बिखर गया. यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया कि भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई और इसका केंद्र राजधानी येरेवान से दक्षिण में 13 किलोमीटर की दूरी पर था.
भूकंप से कांपा उत्तर भारत
वहीं शुक्रवार को उत्तर भारत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. ताजिकिस्तान में शुक्रवार रात शक्तिशाली भूकंप आया जिसके झटके दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समेत उत्तर भारत के अनेक हिस्सों में महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई.
वहीं इससे पहले गुरुवार तड़के समुद्र के नीचे एक भूकंप आने के बाद दक्षिण प्रशांत द्वीपों में छोटी सुनामी लहरें आने का पता चला. प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि वानुआतु में 10 सेंटीमीटर (4 इंच) की लहरें मापी गईं और न्यू कैलेडोनिया में एक छोटी सुनामी का पता चला. लॉयल्टी द्वीप समूह के पास समुद्र में एक भूकंप आने के बाद सुनामी आयी जो न्यू कैलेडोनिया का हिस्सा है.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक एजेंसी ने कहा कि भूकंप तगड़ा, लेकिन इसका केंद्र अधिक नीचे नहीं था. इसकी तीव्रता 7.7 और इसका केंद्र सिर्फ 10 किलोमीटर नीचे स्थित था.




Leave a Reply