नई दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़त के चलते भारतीय बाजारों में भी गोल्ड के भाव में आज अच्छी तेजी दर्ज की गई. दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार यानी 9 फरवरी 2021 को सोने के भाव (Gold Price Today) में 495 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल आया. वहीं, चांदी के दाम (Silver Price Today) में 99 रुपये प्रति किग्रा की कमी आई. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 47,064 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी 68,490 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजारों (International Markets) में आज सोना-चांदी के भाव में बढ़त दर्ज की गई.
सोने की नई कीमतें (Gold Price, 9 February 2021) – दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को गोल्ड का भाव 495 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ गया. राजधानी दिल्ली (Delhi) में 99.9 ग्राम शुद्धता वाले सोने का नया भाव अब 47,559 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है. इससे पहले कारोबारी सत्र में सोने का भाव 47,064 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव आज बढ़कर 1,841 डॉलर प्रति औंस पर रहा.
चांदी की नई कीमतें (Silver Price, 9 February 2021) – दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज हुई. अब इसके दाम 99 रुपये गिरकर 68,391 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार (International Market) में आज चांदी का भाव बढ़कर 27.46 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.
क्यों दर्ज हुई गोल्ड में तेजी – एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उछाल के कारण भारतीय बाजारों में भी सोने की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है. उन्होंने कहा कि अमेरिका में प्रोत्साहन पैकेज को लेकर उम्मीदों के बीच सोना लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहा है. सभी को उम्मीद है कि राष्ट्रपति जो बाइडेन कोविड-19 राहत बिल पर अच्छा फैसला लेंगे.






Leave a Reply