Breaking NewsCelebrities

किसानों को लेकर सचिन, लता, अक्षय जैसे सेलिब्रिटीज के ट्वीट्स की होगी जांच, महाराष्ट्र सरकार ने दिया आश्वासन

नई दिल्‍ली. किसान आंदोलन (Farmers protest) को लेकर हाल ही में उठी अंतरराष्‍ट्रीय आवाजों के बाद भारतीय सेलिब्रिटीज (Celebrities Tweets on Farmers issue) ने भी इन तथाकथित साजिशन ट्वीट का जवाब दिया था. अब महाराष्‍ट्र की सरकार (Maharashtra Government) इन सभी भारतीय सेलिब्रिटीज के ट्वीट को लेकर जांच करा सकती है. ऐसे संकेत सोमवार को महाराष्‍ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) ने दिए हैं. हालांकि उन्‍होंने इस जांच को लेकर अभी कोई आदेश नहीं दिया है. बल्कि सिर्फ आश्‍वासन दिया है. बता दें कि किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट करने वालों में भारत रत्न लता मंगेशकर, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar), बॉलीवुड एक्‍टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और कंगना रनौत जैसे कई सेलिब्रिटीज शामिल हैं.

किसान आंदोलन को लेकर किए गए ट्वीट के मामले में कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख से हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा, ‘गृह मंत्री ने कहा है कि यह गंभीर मामला है. इन सेलिब्रेटिज़ के ट्वीट्स समान कैसे हो सकते हैं.  इन सेलिब्रिटीज पर ट्वीट करने के लिए कोई दबाव तो नहीं डाला गया. इसकी जांच होनी चाहिए.’ सावंत ने साथ ही बताया कि देशमुख ने इंटेलिजेंस को यह ज़िम्मेदारी दी है.

बता दें कि महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने इस मामले में पुलिस से जांच कराने की मांग की थी कि कहीं ये सेलिब्रिटीज ट्वीट करके सोशल मीडिया पर केंद्र सरकार का पक्ष रखने के लिए बीजेपी के दबाव में तो नहीं किए गए. कांग्रेस के राज्‍य महासचिव और प्रवक्‍ता सचिन सावंत ने इस मांग को लेकर महाराष्‍ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख से मुलाकात भी की थी.

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सावंत ने कहा था, ‘सचिन तेंदुलकर, अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और साइना नेहवाल जैसे सेलिब्रिटीज की ओर से इस मामले में किए गए ट्वीट का पैटर्न बिलकुल एक जैसा है. साइना नेहवाल और अक्षय कुमार के ट्वीट का कंटेंट एक है, जबकि सुनील शेट्टी ने ट्वीट में बीजेपी नेता को टैग किया था. ये दर्शाता है कि सेलिब्रिटीज और सत्‍ताधारी पार्टी के नेताओं के बीच संपर्क था. इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्‍या बीजेपी की ओर से देश के इन हीरो पर कोई दबाव था. अगर ऐसा था तो इन सेलिब्रिटीज को अधिक सुरक्षा देने की जरूरत है.’

बता दें कि हाल ही में अमेरिकी पॉप स्‍टार रिहाना और पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने किसान आंदोलन के पक्ष में ट्वीट किए थे. इसके बाद इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था और फिर कई भारतीय सेलीब्रेटीज़ ने किसान आंदोलन को भारत का अंदरूनी मामला बताते हुए ट्वीट किया था.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.