Breaking NewsSTATE

MDM अस्पताल में जेल गार्ड की आंखों में मिर्च पाउडर डाल मुजरिम को छुड़ाकर भागे, पुलिस ने फिर से पकड़ा

जोधपुर. जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल (MDM) के कैदी वार्ड से शनिवार को एक युवक ने जेल गार्ड की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर अपने साथी मुजरिम को भगा ले गया. बाद में पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने अस्पताल परिसर में भागते समय ही उसे पकड़ लिया. लेकिन मिर्च डालने वाला उसका साथी भाग निकला है. जिसकी तलाश की जा रही है.

जोधपुर जेल में बंद एक मुजरिम बायतु निवासी हरीश जाट को शनिवार को सुबह जेल गार्ड इलाज के लिए एमडीएम अस्पताल लेकर आए. जांच के लिए यूरोलॉजी विभाग की तरफ ले जाने के दौरान हरीश का एक साथी वहां पहुंचा और उसने दोनों गार्ड की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर फेंक दिया. आंख में मिर्च पड़ते ही दोनों गार्ड को थोड़ी देर के लिए नजर आना बंद हो गया, इस दौरान मुजरिम हरीश उनसे हाथ छुड़ाकर भाग निकला.

मुजरिम के भागते ही दोनों गार्ड उसे पकड़ने के लिए चिल्लाते हुए पीछे दौड़ने लगे. इस पर अस्पताल परिसर में मौजूद पुलिस व होमगार्ड के जवान हरीश व उसके साथी के पीछे भागे. अस्पताल के मुख्य गेट के निकट उन्होंने हरीश को दबोच लिया. जबकि उसका साथी भाग निकला. हरीश को पकड़ एमडीएम में स्थित पुलिस चौकी लाया गया. जबकि उसके साथी का पता लगाने का पुलिस प्रयास कर रही है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने नाकेबंदी की है और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस के अनुसार हरीश एनडीपीएस व चोरी के मामलों में 30 मार्च 2019 से जोधपुर जेल में बंद है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.