नई दिल्ली. बजट 2021 में गोल्ड पर कस्टम ड्यूटी घटाने की घोषणा के बाद से लगातार चार कारोबारी सत्र के दौरान सोना-चांदी के भाव में गिरावट का सिलसिला जारी है. भारतीय बाजारों में आज सोने के भाव (Gold Price Today) में फिर कमी आई. दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार यानी 4 फरवरी 2021 को सोने के भाव में 322 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई. वहीं, चांदी के दाम (Silver Price Today) में आज फिर करीब 1,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 47,457 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी 68,142 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजारों (International Markets) में आज गोल्ड के दाम गिरे, जबकि चांदी के भाव जस के तस रहे.
सोने की नई कीमतें (Gold Price, 4 February 2021) – दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को गोल्ड का भाव 322 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गया. राजधानी दिल्ली (Delhi) में 99.9 ग्राम शुद्धता वाले सोने का नया भाव अब 47,137 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है. इससे पहले कारोबारी सत्र में सोने का भाव 47,457 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव आज गिरकर 1,825 डॉलर प्रति औंस पर रहा.
चांदी की नई कीमतें (Silver Price, 4 February 2021) – दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को भी चांदी की कीमतों में अच्छी गिरावट दर्ज हुई. अब इसके दाम 972 रुपये गिरकर 67,170 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार (International Market) में आज चांदी का भाव 26.61 डॉलर प्रति औंस पर ही रहा. आसान शब्दों में समझें तो आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के दाम जस के तस रहे.
क्यों दर्ज हुई सोना-चांदी में गिरावट – एचडीएफसी सिक्योरिटीज (HDFC Securities) के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल के मुताबिक, आज डॉलर के मुकाबले रुपये में 6 पैसे की मजबूती दर्ज की गई है. डॉलर के मुकाबले रुपया आज 72.90 के स्तर पर पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड के दाम घटने और रुपये के मजबूत होने के कारण भारतीय बाजारों में कीमती धातुओं के दाम में गिरावट दर्ज की गई है. वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2021 में गोल्ड पर कस्टम ड्यूटी में कटौती की घोषणा की है. ऐसे में निवेशक सोने के दामों के ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली कर रहे हैं.






Leave a Reply