BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में नीतीश का खेल बिगाड़ने के बाद अब बंगाल और असम में भी ताल ठोकेगी लोजपा, सभी सीटों पर ल’ड़ेगी चुनाव

बिहार में नीतीश कुमार का खेल बिगाड़ने वाली चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी इस साल असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में ताल ठोकेगी। पार्टी ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। शनिवार को पार्टी के प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने इस बात की घोषणा की।

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए खालिक ने कहा, ‘लोक जनशक्ति पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल और असम में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। राज्य इकाइयों से विचार करने के बाद हमने ये निर्णय लिया है। इससे पार्टी को बढ़ाने और मजबूत करने में मदद मिलेगी।’

केंद्र सरकार में एनडीए की सहयोगी लोजपा ने पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व को नकारते हुए अलग चुनाव लड़ने का फैसला किया था। हालांकि पार्टी को कोई खास सफलता नहीं मिली थी और सिर्फ एक सीट से ही संतोष करना पड़ा था। इस चुनाव में सबसे ज्यादा किसी को नुकसान हुआ तो वो नीतीश कुमार की जदयू थी।

नीतीश कुमार की पार्टी को सिर्फ 43 सीटों पर जीत मिली थी और जदयू राज्य में राजद और भाजपा के बाद तीसरे नंबर की पार्टी बन गई। पार्टी के इस प्रदर्शन के लिए जदयू के नेताओं ने कई बार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर चिराग पासवान को जिम्मेदार ठहराया। पूरे चुनाव अभियान के दौरान चिराग पासवान ने नीतीश कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

अब लोजपा असम और बंगाल चुनाव में ताल ठोकने जा रही है। जदयू पहले ही पश्चिम बंगाल में 75 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। पश्चिम बंगाल में इस बार भाजपा का ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस से सीधा मुकाबला है। अब देखने वाली बात होगी कि चिराग के मैदान में उतरने से किसको फायदा और किसे नुकसान होता है। असम की बात करें तो वहां पर सत्ताधारी भाजपा का कांग्रेस से मुकाबला है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.