Breaking NewsDELHI

एयर एंबुलेंस से दिल्ली जाएंगे लालू, रिम्स ने जेल प्रशासन को लिखी चिट्ठी

रांची. रिम्स में भर्ती बीमार राजद सुप्रीमो लालू यादव (Lalu Yadav) को एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा जाएगा. वहां उन्हें बेहतर इलाज के एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया जाएगा. रिम्स की ओर से इस बाबत होटवारजेल को चिट्ठी लिखी गई है. चिट्ठी में लालू यादव को अविलंब एम्स भेजने का आग्रह किया गया है. उधर रिम्स की अनुशंसा पर मंथन करने जेल आईजी होटवार जेल पहुंचे हैं. जेल में बैठक चल रही है. जिसमें एयर एंबुलेंस से लालू को दिल्ली भेजने पर फैसला लिया जाएगा.

जानकारी के मुताबिक होटवार जेल प्रबंधन लालू के साथ रिम्स की मेडिकल टीम को दिल्ली भेजने पर विचार कर रहा है. रिम्स ने लालू यादव के इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया है. इसमें अलग-अलग विभागों के 8 डॉक्टरों को शामिल किया गया है. मेडिकल बोर्ड ने थोड़ी देर पहले बैठक कर ये फैसला लिया कि लालू यादव को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स भेजा जाए.

तेजस्वी ने की थी बाहर ले जाने की मांग 

बता दें कि गुरुवार शाम से लालू यादव को सांस लेने में तकलीफ हो रही है. उनके चेहरे पर सूजन भी है. शुक्रवार रात मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि पिता की तबीयत ठीक नहीं है, चेहरे पर सूजन है और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है. हमलोग चाहते हैं कि उनको बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाया जाए. लालू प्रसाद के लंग्स में पानी जमा होने की जानकारी देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी स्थिति चिंताजनक है. क्रिएटनीन भी बढ़ा हुआ है.

लालू को देखकर भावुक हो गईं राबड़ी 


शुक्रवार रात 6 घंटे से ज्यादा देर तक मुलाकात के दौरान राबड़ी काफी भावुक हो गई थीं. हालांकि लालू यादव ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे जल्द ठीक हो जाएंगे. इस दौरान बेटी मीसा भारती, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव भी पिता के पास रिम्स के पेइंग वार्ड में मौजूद थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.