कोरोना से बचाने के लिए बना है टीका, जरूर लगवायेंगे
- जिले भर के लोग दिल खोलकर वैक्सीन का स्वागत कर रहे
शिवहर, 11 जनवरी।
मैं तो केवल इतना जानता हूं कि कोरोना से बचाने के लिए कोरोना टीका बना है। ऐसे में टीका ना लगवाने का सवाल ही नहीं उठता है| हमारे देश के वैज्ञानिकों ने इस टीके के लिए रात-दिन एक करके मेहनत की है| इसलिए उनकी मेहनत का सम्मान करना चाहिए। यह कहना है शिवहर स्थित सुनरपुर के बिजली राय का, जिन्होंने कोरोना वैक्सीन के आने का स्वागत किया है। वे कहते हैं कि हालांकि पहले स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। लेकिन उसके बाद टीका लगवाने के लिए हम सब तैयार हैं। बिजली राय की तरह ही जिले भर में और भी लोग हैं, जो दिल खोलकर वैक्सीन का स्वागत कर रहे हैं। लोग चाहते हैं कि सरकार जल्द से जल्द उन्हें कोरोना वैक्सीन दिलाए, जिससे जिंदगी की गाड़ी पटरी पर दौड़ने लगेगी।
मैं तो टीका जरूर लगवाऊंगा
गांव के युवा मनीष कुमार ने बताया कि कोरोना ने हमें बहुत परेशान किया है। इसके खात्मे के लिए देश के वैज्ञानिकों ने टीका तैयार किया है। यह हमारे लिए बहुत गर्व और खुशी की बात है। अब देश में कोरोना के टीके लगने शुरू होने जा रहे हैं। अच्छी बात है। जब आम लोगों को टीका लगेगा तो मैं खुद तो लगवाउंगा ही बच्चों को भी लगवाऊंगा।
बहुत इंतजार था कोरोना के टीके का -माधोपुर छाता गांव के दुकानदार संजीव कुमार कहते हैं कि कोरोना को लेकर कई महीने बहुत दहशत में गुजरी है। उम्मीद करता हूं कि अब जबकि कोरोना को भगाने का टीका देश में तैयार हो गया है तो देर-सवेर कोरोना का खात्मा हो ही जाएगा। मुझे और मेरे परिवार को तो बहुत इंतजार था कोरोना के टीके का। शिवहर में जहां कहीं भी लगेगा मैं और मेरा परिवार टीका लगवाने जरूर जाएगा।
हम शिक्षित हैं, टीका जरूर लगवायेंगे
शिवहर के रहने वाले संजय कुमार ने बताया कि यह वैक्सीन देश के आमजन की जान बचाने के लिए देश के डॉक्टरों ने जी जान लगाकर मेहनत करके तैयार किया है। इस महामारी से निजात दिलाने के लिए डॉक्टरों की मेहनत और लगन के लिए उनका आभार प्रकट करते हैं । वैक्सीन लगवाने को लेकर उन्होंने बड़े बेबाकी से जवाब देते हुए कहा कि हम शिक्षित हैं ।अपनी खुद की जान बचाने के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएंगे।








Leave a Reply