नई दिल्ली. एलन मस्क अब दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बनने की राह पर तेजी से बढ़ रहे हैं. पिछले कुछ दिनों में उनकी कंपनी टेस्ला के शेयरों में जबरदस्त तेजी से एलन मस्क की संपत्ति (Elon Musk Net worth) में भी इजाफा हो रहा है. SpaceX और Tesla के संस्थापक का नेटवर्थ बीते 6 जनवरी तक 181 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. मस्क की संपत्ति में इस इजाफे का मतलब है कि अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) की नंबर एक की कुर्सी खतरे में है. कुल संपत्ति के मामले में मस्क अब बेजोस से बस 3 अरब डॉलर ही पीछे हैं. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स (Bloomberg Billionaire Index) से इस बारे में जानकारी मिलती है. इसमें दुनियाभर के 500 सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट है.
अक्टूबर 2017 से नंबर एक पर काबिज हैं बेजोस
दुनियाभर के सबसे अमीर लोगों की प्रतिदिन के हिसाब से रैंकिंग करने वाले ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स में मूलतः अरबपतियों के पास मौजूदा पूरी संपत्ति के आधार पर रैंकिंग की जाती है. जेफ बेजोस अक्टूबर 2017 से ही विश्व के सबसे अमीर शख्स की कुर्सी पर काबिज़ हैं. वर्तमान में उनके पास कुल 184 अरब डॉलर की संपत्ति है.
मस्क की संपत्ति पर महमारी या आर्थिक सुस्ता का कोई असर नहीं
एलन मस्क नवंबर 2020 में ही बिल गेट्स (Bill Gates) को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स की कुर्सी पर बैठे थे. उस वक्त उनके पास कुल 128 अरब डॉलर की संपत्ति थी. पिछले 12 महीने में एलन मस्क की संपत्ति में 150 अरब डॉलर (करीब 11 लाख करोड़ रुपये) से भी ज्यादा का इजाफा हुआ है. मस्क की संपत्ति पर आर्थिक सुस्ती या कोरोना वायरस महामारी का भी कोई असर नहीं पड़ा है.
2020 में 743 फीसदी उछले टेस्ला के शेयर्स
दरअसल, मस्क की संपत्ति में इतनी जोरदार इजाफे का सबसे बड़ा कारण उनकी कंपनी टेस्ला के शेयरों में जबरदस्त तेजी है. कंपनी को हो रहे लगातार प्रॉफिट और S&P 500 इंडेक्स में शामिल होने के बाद 2020 में टेस्ला के शेयर्स 743 फीसदी तक बढ़े हैं.
विज्ञापन
टेस्ला द्वारा ही दी गई जानकारी से पता चलता है कि पिछले साल कंपनी ने 5 लाख इलेक्ट्रिक कारों का उत्पादन और डिलीवरी किया है. मस्क ने इस बारे में एक ट्वीट भी किया था. इस ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘मील के इस पत्थर को हासिल करने पर मुझे टेस्ला टीम पर गर्व है.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘टेस्ला के शुरुआत में, बहुत उम्मीद के साथ मुझे 10 फीसदी ही लगा था कि हम बचे रहेंगे.’
केवल संपत्ति के मामले में ही नहीं, बल्कि प्राइवेट स्पेस एक्सप्लोरेशन के मामले में भी जेफ बेजोस और एलन मस्क आमने-सामने है. मस्क ‘स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजिज कॉरपोरेशन’ यानी SpaceX के सीईओ हैं. जबकि, बेजोस ‘ब्लू ओरिजिन एलएलसी’ के मालिक हैं.






Leave a Reply