Breaking NewsNational

खुशखबरी: 1 करोड़ के करीब पहुंची भारत में कोरोना को मात देने वालों की संख्या

दिल्ली. भारत में कोविड-19 (Covid-19) के सक्रिय मामलों (Active Cases) में तेजी से कमी आई है और अब यह संख्या 2,31,036 रह गई है, जो अभी तक के कुल संक्रमितों का ‘महज’ 2.23 फीसदी है. यह जानकारी मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) ने दी. मंत्रालय ने कहा कि यह इसलिए संभव हो पाया कि लगातार 39 दिनों से संक्रमण के नए मामलों की तुलना में ठीक होने वाले लोगों की संख्या ज्यादा है.

एक करोड़ के बिल्कुल करीब पहुंची ठीक होने वालों की संख्या

मंत्रालय ने कहा, ‘पिछले 24 घंटे में 29,091 लोग ठीक हुए, वहीं भारत में संक्रमण के केवल 16,375 नए मामले आए हैं.’ मंत्रालय ने बताया, ‘एक दिन में कुल सक्रिय मामलों में 12,917 की कमी आई है.’ भारत में संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या एक करोड़ के करीब पहुंच रही है. अभी तक ठीक हुए लोगों की संख्या 99,75,958 है.

ठीक होने वालों में 82 फीसदी दस राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से
मंत्रालय ने कहा कि नए ठीक हुए 29,091 लोगों में से 82.62 फीसदी लोग दस राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के हैं. महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक 10,362 लोग ठीक हुए जबकि केरल में 5145 और छत्तीसगढ़ में 1349 लोग ठीक हुए हैं. नए मामलों में दस राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 80.05 फीसदी हिस्सेदारी है. महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 4875 नए मामले आए वहीं केरल में 3021 मामले और छत्तीसगढ़ में 1147 नए मामले आए हैं.

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 201 लोगों की महामारी से मौत हुई जिनमें 70.15 फीसदी दस राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से हैं. महाराष्ट्र में 29 लोगों की, पश्चिम बंगाल में 25 और पंजाब में 24 लोगों की मौत हुई है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.