BIHARBreaking NewsSITAMARHISTATE

सुशील मोदी एम्स से निकलने के तीसरे दिन ऑन रोड, जबकि 7 दिन तक रहना था होम क्वारंटाइन

कोरोना पीड़ित बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी को सात दिनों तक होम क्वारंटाइन में रहना था, लेकिन एम्स से डिस्चार्ज होने के तीसरे ही दिन वह रोड शो में निकल पड़े। कोरोना संक्रमितों के लिए बनी आईसीएमआर गाइडलाइन को ताक पर रखकर उप मुख्यमंत्री ये रैलियां कर रहे हैं। आज उनकी दो रैलियां हैं, जिसमें वह सीतामढ़ी में 12.45 बजे प्रचार कर चुके हैं।

आईसीएमआर की रिवाइज गाइडलाइन के अनुसार सुशील मोदी को डिस्चार्ज होने के बाद सात दिन तक होम क्वारंटाइन में रहना था। यानि, उन्हें 3 नवंबर तक घर पर ही रहना था लेकिन वह आज ही रोड शो में निकल गए। उनके आस-पास खड़े कार्यकर्ता भी बेखौफ नाक से मास्क हटाए दिख रहे हैं।

सुशील मोदी ने 29 अक्टूबर को 2:51 बजे ट्वीट किया जिसमें सीतामढ़ी में एनडीए प्रत्याशी डॉ. मिथिलेश कुमार के पक्ष में रोड शो करते दिख रहे हैं। अपने ट्विटर हैंडल से उन्होंने चार फोटो भी पोस्ट की हैं, जिनमें भारी भीड़ दिख रही है। भीड़ में न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है, ना ही अधिकतर लोगों ने मास्क पहना है। वह खुद जिस गाड़ी पर खड़े हैं उसपर उनके साथ खड़े कार्यकर्ताओं ने नाक से मास्क हटा रखा है।

आईसीएमआर (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) की रिवाइज गाइडलाइन में साफ कहा गया है कि एसिंप्टोमैटिक मरीज को सात दिन तक होम क्वारंटाइन का पालन करना है। गाइडलाइन के अनुसार- ऐसे मरीज जो एसिंप्टोमैटिक हैं, जिन्हें तीन दिनों तक बुखार नहीं आ रहा है और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत नहीं है तो अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। बावजूद इसके ऐसे मरीजों को किसी के भी संपर्क में नहीं आना है और सात दिन तक होम क्वारंटाइन में रहना है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.