BIHARBreaking NewsSTATE

वर्चुअल के बाद अब एक्चुअल रैली करेंगे नीतीश कुमार, आज 4 सीटों पर प्रचार

बिहार विधानसभा चुनाव की सियासी जंग को फतह करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोर्चा संभाल लिया है. वर्चुअल रैली के बाद अब नीतीश कुमार एक्चुअल रैली के जरिए बिहार का सियासी माहौल अपने पक्ष में बनाने की कवायद करेंगे. इस कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री चार विधानसभा क्षेत्रों में चार जनसभाओं को संबोधित कर अपने चुनावी अभियान का आगाज करेंगे.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहले चरण की विधानसभा सीटों पर जेडीयू उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने की कवायद शुरू कर दी है. इसी के मद्देनजर बुधवार को सबसे पहले सुबह 11.30 बजे बांका जिले के अमरपुर में जनसभा को संबोधित करेंगें. इसके बाद भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में दोपहर 12.40 बजे आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. 

नीतीश कुमार मुंगेर जिले की तारापुर विधानसभा सीट पर दोपहर 1.50 बजे जनसभा को संबोधित कर जेडीयू प्रत्याशी को जिताने की अपील करेंगे. इसके बाद आखिर में पटना जिले की मोकामा विधानसभा क्षेत्र में 3.05 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे. नीतीश कुमार एक दिन में चार जनसभा को संबोधित कर बिहार के सियासी माहौल को अपने पक्ष में करने की कवायद शुरू कर रहे हैं. 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार की तरह ही गुरुवार को भी चार जनसभाओं को संबोधित करने का काम करेंगे. गुरुवार को नीतीश कुमार पहली जनसभा जमुई के चकाई विधानसभा क्षेत्र में, दूसरी सभा लखीसराय की सूर्यगढ़ा सीट पर, तीसरी जनसभा शेखपुर के बरबीघा विधानसभा क्षेत्र में और चौथी पटना के पालीगंज में संबोधित करेंगे. इससे साफ जाहिर है कि नीतीश कुमार हर रोज तीन रैलियां पहले वो बिहार के बाकी क्षेत्र में करेंगे और आखिर में पटना जिले की किसी एक सीट पर संबोधित करने का काम करेंगे.

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले दो दिन से वर्चुअल रैली के जरिए अपने चुनावी समीकरण साधने में जुटे हुए थे. सोमवार को नीतीश कुमार ने 11 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित किया था जबकि मंगलवार को 13 विधानसभा क्षेत्र के लोगों से सीधे संवाद किया है. इस दौरान उन्होंने अपने 15 साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया तो लालू यादव-राबड़ी के 15 साल की खामियों को गिनाने का काम किया. 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.