BIHARBreaking NewsSTATE

Bihar Election 2020: RJD के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट तैयार, कई पूर्व मंत्रियों के बेटा-बेटी को भी टिकट!

पटना. बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले फेज के उम्मीदवारों की घोषणा राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सोमवार को किसी भी वक्त कर सकता है. जानकारी के मुताबिक, पार्टी ने कई कद्दावर नेताओं की सीट को बरकरार रखा है तो वहीं दूसरी ओर कई नेताओं के टिकट भी कटे हैं. सूत्रों से जानकारी मिली है कि भोजपुर की बड़हरा सीट से मौजूदा विधायक सरोज यादव का टिकट कटना तय है. यहां से पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह और बीडी सिंह में से किसी एक को पार्टी टिकट दे सकती है. सिंबल की रेस में पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह का पलड़ा भारी है.

इसके अलावा रेखा पासवान मसौढ़ी से उम्मीदवार हो सकती हैं, तो पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव की बेटी दिव्या प्रकाश मुंगेर की तारापुर सीट से आरजेडी की उम्मीदवार हो सकती हैं. मधुबनी से समीर कुमार महासेठ आरजेडी के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे तो वहीं पूर्व मंत्री विजय प्रकाश के जमुई विधानसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना है. गोह विधानसभा सीट से भीम सिंह राजद के प्रत्‍याशी हो सकते हैं.

इस बार के चुनाव में ओबरा विधानसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह के बेटे चुनाव मैदान में होंगे. दूसरी तरफ वैशाली की महनार सीट पर लोजपा के सांसद रहे रामा सिंह ने दावा ठोका है. महनार के साथ लालगंज सीट की भी रामा ने तेजस्वी यादव से मांग की है, लेकिन महनार सीट पर रामा सिंह का पेंच डॉ मुकेश रंजन के कारण फंसा है, जिन्होंने महनार से ताल ठोका है. मुकेश रंजन आरजेडी के कद्दावर नेता विशुनदेव राय के भतीजे हैं.

डॉ मुकेश रंजन का है दावा है कि महनार में 58 हजार यादवों के साथ रघुवंश बाबू के परिवारवालों का भी उन्हें साथ मिलेगा. रविवार की देर शाम तक तेजस्वी यादव ने बंद कमरे में दोनों दावेदारों को आमने-सामने बिठाकर बात की. 6 घंटे की बातचीत के बाद भी महनार सीट का समाधान नहीं निकला. ऐसे में सोमवार सुबह 10 बजे दोनों दावेदारों को फिर से राबड़ी आवास बुलाया गया है. पार्टी दोपहर बाद उम्मीदवारों के नामों को औपचारिक ऐलान कर सकती है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.