BIHARBreaking NewsSTATE

‘2020 में मेरी बनेगी सरकार’ चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही नेताओं ने ठोका दावा

चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान कर दिया है. जिसका सभी दलों ने स्वागत किया है. साथ ही 2020 में एक दूसरे को पटखनी देते हुए सरकार बनाने का दावा ठोका है.

बिहार बीजेपी प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने ट्वीट कर कहा कि चुनाव आयोग की घोषणा का हम स्वागत करते हैं. बिहार में इस बार भी लोकसभा चुनाव वाले परिणाम दोहराए जाएंगे. विधानसभा के लिए इस चुनाव में भी एनडीए तीन चौथाई बहुमत से जीत दर्ज करने जा रहा है.

बीजेपी नेता व मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि बहुप्रतिक्षित बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया. जिसका बीजेपी स्वागत करती है. पूरा एनडीए इसदिन का इंतजार कर रहा था.

भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने ट्वीट कर कहा कि बिहार में चुनाव को लेकर चुनाव आयोग की घोषणा का हम स्वागत करते हैं. चुनाव आयोग ने बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं कोरोना पीड़ितों के प्रति जो संवेदनशीलता दिखाई है उसके लिए आभार जताते है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी एवं नई विकास यात्रा का आरंभ होगा.

उधर राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भी चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही अपने ही अंदाज में स्वागत किया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि   “उठो बिहारी, करो तैयारी,जनता का शासन अबकी बारी, बिहार में बदलाव होगा,अफ़सर राज ख़त्म होगा,अब जनता का राज होगा”.

वहीं तेजस्वी ने भी चुनाव तारीखों का ऐलान का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि हम चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हैं. हम बिहार के लोगों को आश्वासन देत हैं कि उन्हें इस सरकार से मुक्ति दिलवाएँगे. इस चुनाव में जेडीयू कहीं नहीं है, हमारी टक्कर बीजेपी से है.

आरजेडी सांसद मनोज झा ने भी चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र का महापर्व की तिथि की घोषणा हुई है जो एक अच्छी बात है. लेकिन उन्होंने चुनाव आयोग को तीन सुझाव भी दिए ताकि मतदाताओं की सुरक्षा और पुख्ता हो सके.

जेडीयू नेता व मंत्री अशोक चौधरी ने चुनाव की तारीखों के ऐलान होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इसबार हम सभी दीपावली और छठ बड़े ही धूमधाम से मनाएंगे.

बता दें कि बिहार में 3 चरणों में चुनाव होगा. पहले चरण में 16 जिलों के 71 सीटों पर, दूसरे चरण में 17 जिलों के 94 सीटों पर और तीसरे और आखिरी चरण में 15 जिलों के 78 सीटों पर मतदान कराया जाएगा.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.