BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

पताही एयरपोर्ट से उड़ान व एम्स रघुवंश बाबू का सपना था

मुजफ्फरपुर। पूर्व मंत्री एवं साहेबगंज के विधायक रामविचार राय ने कहा कि सरकार पूर्व मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के नाम पर राजनीति कर रही है। रघुवंश बाबू ने सरकार के सामने मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल को एम्स का दर्जा देने व शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए रिग रोड के निर्माण की मांग थी। इसके लिए उन्होंने पदयात्रा भी किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री को पताही हवाई अड्डा और मोतीपुर चीनी मिल को चालू करने की घोषणा की याद दिलाई। तब न राज्य सरकार को और न ही केंद्र सरकार को उनकी याद आई। उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया और जब वे नहीं रहे तो उनके नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने उक्त बातें जिला परिषद मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कही। कहा कि रघुवंश बाबू द्वारा रामदयालु, गोबरसही, मिठनपुरा एवं बीबीगंज रेलवे गुमटी पर आरओबी निर्माण एवं शहर को नारकीय स्थिति से निजात दिलाने को लेकर आवाज उठाई गई थी। इस पर सरकार को कभी ध्यान नहीं आया। और अब उनके सपने को साकार करने की बात कर रही है। राजद के जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि भूमिहीन को बासगीत पर्चा एवं आवास नहीं मिल रहा है। दलित बस्ती में पहुंच पथ नहीं बन रहा है। भ्रष्टाचार सरकार में इतना बढ़ गया कि रिश्वत के बगैर कोई काम नहीं हो पाता है। शराबबंदी कानून फेल है।

किसानों की आय दोगुना करने की बात जुमला साबित हो रही है। प्रत्येक वर्ष दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने की बात जुमला साबित हो रही है। ऐसे में सरकार द्वारा विकास की बात बेमानी है। मौके पर विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव, पूर्व सांसद अनिल साहनी, प्रदेश पूर्व प्रवक्ता डॉ. इकबाल मोहम्मद शमी, जिला प्रवक्ता वसीम आमद मुन्ना, प्रदेश महासचिव जय शंकर यादव, प्रदेश महासचिव इसराइल मंसूरी, अभिमन्यु यादव, लखविदर राय, मोहम्मद सज्जाद, जनार्दन ठाकुर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.