पटना: विधानसभा चुनाव तैयारियों की गहमागहमी के बीच अब देश भर की निगाहें सात सितंबर पर टिक गयी हैं. सोमवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्चुअल रैली के माध्यम से प्रदेश में चुनावी शंखनाद करेंगे. प्रदेश कार्यालय से प्रसारित वर्चुअल रैली में करीब 30 लाख से अधिक लोगों के जुड़ने का जदयू ने दावा किया है.
नीतीश कुमार अपने पंद्रह साल के कामकाज का ब्योरा पेश करेंगे
जदयूलाइवडॉटकॉम पर चलने वाली इस वर्चुअल रैली में नीतीश कुमार अपने पंद्रह साल के कामकाज का ब्योरा पेश करेंगे. साथ ही अगले माह संभावित विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्ष पर हमलावर भी होंगे.
जीतन राम मांझी ने शनिवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की
इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री व हम पार्टी के नेता जीतन राम मांझी ने शनिवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान काफी देर तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई. जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं ने विधानसभा चुनाव व सीटों को लेकर चर्चा की. मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात में विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी उपस्थित थे.

एनडीए मेें शामिल होने के बाद सीएम से यह पहली मुलाकात
गौरतलब है कि दलित नेता की छवि वाले पूर्व सीएम मांझी ने कुछ दिनों पहले ही महागठबंधन से अलग होकर एनडीए में जदयू के साथ गठबंधन की घोषणा की . इस एलान के बाद उनकी मुख्यमंत्री से यह पहली मुलाकात है.

कांग्रेस भी सोमवार से वर्चुअल रैली की शुरूआत करेगी.
सात को ही लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान भी अपना पत्ता खोलेंगे. चिराग ने दिल्ली में बिहार संसदीय बोर्ड की बैठक बुलायी है. पार्टी सूत्रों के अनुसार सोमवार को चिराग पासवान बिहार चुनाव को लेकर अहम फैसला ले सकते हैं. दूसरी ओर महागठबंधन की दूसरी प्रमुख घटक कांग्रेस भी सोमवार से वर्चुअल रैली की शुरूआत करेगी.




Leave a Reply