झारखंड के धनबाद में रंगदारी और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार कोरोना पॉजिटिव एक अपराधी ने कोविड-19 अस्पताल में जाम छलकाए। इसका फोटो वायरल होने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने रविवार को ट्विटर पर जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने संटू गुप्ता और छोटू प्रसाद गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संटू पर शराब पीने तथा छोटू गुप्ता पर वीडियो वायरल करने का आरोप है।
शराब पीने की तस्वीर वायरल होने पर सीएम हेमंत सोरेन ने रविवार को संज्ञान लिया। उन्होंने ट्विटर के माध्यम से धनबाद डीसी को जांच के आदेश दिए। साथ ही सीएम से स्वाथ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के अलावा डीजीपी और धनबाद पुलिस को भी मामले में संज्ञान लेने का आदेश दिया। सीएम के आदेश पर डीसी ने मामले की जांच के लिए एसडीओ राज महेश्वरम और डीएसपी लॉ एंड आर्डर मुकेश को सेंट्रल अस्पताल में बने कोविड-19 अस्पताल भेजा। जांच रिपोर्ट के आधार पर सरायढेला थाने में आरोपी के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन और महामारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
डॉक्टर, अस्पतालकर्मी, सुरक्षाकर्मी व मरीजों से पूछताछ
रविवार दोपहर करीब सवा 12 बजे एसडीओ और डीएसपी लॉ एंड आर्डर कोविड अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारी डेढ़ घंटे तक रहे और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, अस्पतालकर्मियों और सुरक्षा गार्ड के अलावा संटू गुप्ता के साथ अगल-बगल के बेड पर इलाज करा रहे पांच-छह मरीजों से पूछताछ की। सबका बयान लेकर दोनों अधिकारी करीब डेढ़ बजे अस्पताल से बाहर निकले। वीडियो में वायरल शराब की बोलत की भी तलाश की गई। अधिकारियों ने पता लगाया कि आखिर शराब अस्पताल के अंदर कैसे पहुंची। संटू गुप्ता के बैग की तलाशी ली गई। संटू ने कार्रवाई से बचने के लिए अधिकारियों को बताया कि वह शराब की बोतल में पानी डाल कर पी रहा था। बोतल में शराब नहीं थी।

हथकड़ी पहन कर अस्पताल में पी रहा था शराब
जो फोटो वायरल हुआ था, उसमें संटू गुप्ता के शराब पीते समय हथकड़ी भी दिख रही थी। संटू गुप्ता को 21 अगस्त को कतरास पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जेल भेजने से पूर्व जब उसकी कोविड जांच कराई गई तो वह संक्रमित पाया गया। उस पर रंगदारी के लिए 20 अगस्त को कतरास चौधरी नर्सिंग होम के पास राजन गुप्ता को पीटने का आरोप था। घायल राजन की मां रीता देवी ने आरोप लगाया था कि राजन सब्जी खरीदने बाजार जा रहा था। इसी दौरान नर्सिंग होम के समक्ष पहले से घात लगाए बैठे पचगढ़ी बाजार के गोलू गुप्ता, रीशु जयसवाल, शट्टू जयसवाल, संटू गुप्ता, पिंकू साहनी समेत अन्य 4-5 अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और 10 हजार रुपए रंगदारी की मांग करने लगे। नहीं देने पर उनके पुत्र को सभी ने रॉड, डंडा व हॉकी से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया।

राज महेश्वरम, एसडीओ, धनबाद ने बताया कि कोविड अस्पताल में शराब पीने की जांच की गई। आरोपी के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन और महामारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले में दोषी अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होगी।





Comment here