Breaking NewsDELHIMAHARASHTRA

सुशांत केस को लेकर एक्शन में CBI, मुंबई पुलिस के दो DCP से करेगी पूछताछ

MUMBAI :  बिहार के रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में सीबीआई एक्शन में दिख रही है. सीबीआई मुख्यालय में सीबीआई एसआईटी की बैठक जारी है. सुशांत मामले से जुड़ी हुई चौकाने वाली एक खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि सीबीआई इस मामले में मुंबई पुलिस के दो सीनियर अफसरों से पूछताछ कर सकती है.

सुशांत केस की जांच के लिए सीबीआई डीआईजी सुवेज हक को सीबीआई और मुंबई पुलिस के बीच नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई इस पूरे केस में मुंबई पुलिस की तरफ से हुई चूक पर खासतौर से फोकस करेगी. बताया जा रहा है कि सीबीआई की SIT जांच के लिए मुंबई जा रही है.

सुशांत केस को लेकर मीडिया में ये ख़बरें भी सामने आ रही हैं कि मुंबई पहुंचते ही सीबीआई की टीम मुंबई पुलिस के दो डिप्टी कमिश्नर से पूछताछ कर सकती है. जिसमें अभिषेक त्रिमुखे और परमजीत सिंह दहिया का नाम शामिल है. टीम के सुशांत सिंह राजपूत के उस फ्लैट पर भी जाने की संभावना है जहां अभिनेता ने कथित तौर पर खुदकुशी की थी.

आपको बता दें कि परमजीत सिंह दहिया वही अधिकारी हैं, जिनका नाम सुशांत सिंह राजपूत के जीजा और आईपीएस ऑफिसर ओपी सिंह से व्हाट्सएप चैट को लेकर सामने आया था. ओपी सिंह ने परमजीत से कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत की जान को खतरा है. दहिया ने ओपी सिंह से अपनी चैट का जिक्र करते हुए यह भी कहा था कि ओपी सिंह मामले को बगैर लिखत-पढ़त के निपटाना चाहते थे और चाहते थे कि लड़की को पुलिस स्टेशन बुलाया जाये.

आपको बता दें कि बिहार सरकार की ओर से इस केस की जांच सीबीआई से कराने को लेकर केंद्र सरकार से सिफारिश की गई थी. पटना में सुशांत के पिता ने एफआईआर भी दर्ज कराया और रिया चक्रवर्ती पर तमाम आरोप लगाए. उधर सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच सीबीआई को सौंप दी है. उधर, इस पूरे मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी भी जांच में जुटी है और मनी लांड्रिंग के एंगल से तफ्तीश कर रही है.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.