दो बार के विश्व कप विजेता और भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने स्वतंत्रता दिवस के दिन शनिवार (15 अगस्त) को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। धोनी के संन्यास का ऐलान करने के कुछ देर बाद ही उनके साथी खिलाड़ी रहे सुरेश रैना ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। भारत के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर यह ऐलान करते हुए कहा, ”मेरे करियर में आप सबके प्यार और सहयोग का बहुत-बहुत शुक्रिया। आज शाम 7 बजकर 29 मिनट से आप मुझे रिटायर समझें।”
महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के ऐलान पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इसे एक युग का अंत बताया है। सौरव गांगुली ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर कहा, ”एक युग का अंत हो गया। वह देश और विश्व क्रिकेट के अनोखे खिलाड़ी रहे हैं। उनके नेतृत्व की बराबरी करना कठिन होगा, खासकर खेल के छोटे प्रारूप में। शुरुआती दौर में एक दिवसीय क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से उन्होंने पूरे विश्व जगत में अपनी प्रतिभा सामने रखी।”

धोनी के संन्यास पर अनुष्का शर्मा ने कहा- ना भूलने वाली यादों के लिए शुक्रिया MSD
उन्होंने आगे कहा, ”हर अच्छी चीज का अंत होता है और यह पूरी तरह से शानदार रहा है। उन्होंने विकेटकीपरों के लिए देश में पहचान बनाने के मानक तय किए हैं। उन्होंने अपने करियर का समापन बिना किसी अफसोस के साथ किया। उनका करियर शानदार रहा और मैं उन्हें आगे के जीवन की शुभकामनाएं देता हूं।”

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने धोनी को आधुनिक युग का सबसे महान खिलाड़ी बताते हुए कहा, ”एमएस धोनी आधुनिक युग के महान खिलाड़यिों में से एक हैं। मैं इसे व्यक्तिगत निर्णय समझता हूं और हम इसका सम्मान करते हैं। जैसा कि हम सभी उसे प्यार से ‘माही’ बुलाते आए हैं, उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर असाधारण रहा है। उनकी कप्तानी प्रेरणादायक और सराहनीय रही है। मैं उन्हें आईपीएल और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”




Leave a Reply