Breaking NewsInternational

देखिए, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे के रंग में नहाया बुर्ज खलीफा

भारत के 74वें स्वतंत्रता दिवस की धूम विदेशों में भी देखने को मिली। संयुक्त अरब अमीरात ने भारत के साथ अपनी दोस्ती का इजहार करते हुए दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को तिरंगे के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर बुर्ज खलीफा टॉवर के पास बड़ी संख्या में भारतीय लोगों ने उपस्थित होकर भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया।

भारत-यूएई के संबंध काफी मजबूत

भारत और यूएई के संबंध पिछले कुछ सालों में काफी मजबूत हुए हैं। पाकिस्तान जब जम्मू-कश्मीर पर भारत द्वारा लिए गए फैसले के खिलाफ वैश्विक समुदाय को भड़काने की कोशिश में लगा हुआ था, उस वक्त भी यूएई भारत के साथ खड़ा दिखा। यूएई ने 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर से विशेष दर्जा हटाने के फैसले को भारत का आंतरिक मामला बताया था।

बुर्ज खलीफा पर कई बार दिखी है तिरंगे की झलक

दुनिया की सबसे ऊंची इस इमारत पर पहले भी कई बार तिरंगा देखने को मिला है। यूएई ने पिछले साल स्वतंत्रता दिवस पर भी बुर्ज खलीफा को तिरंगे के रंग में प्रदर्शित किया था। इसके अलावा 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुर्ज खलीफा पर उनके संदेशों और तस्वीरों की झलक दिखाई थी। इसके पहले पीएम मोदी के यूएई दौरे पर मार्च 2018 में भी दुनिया की इस ऊंची इमारत पर भारतीय तिरंगा दिखा था।

पीएम ने लाल किले से खाड़ी देशों का किया जिक्र

पीएम मोदी ने लाल किले से देश के नाम संबोधन में खाड़ी देशों का जिक्र करते हुए कहा था कि वे भी हमारे पड़ोसी देश हैं जिनसे हमारी सीमाएं नहीं लगती हैं। उन्होंने कोरोना काल में पश्चिम एशिया के देशों से भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए चलाए गए अभियान को लेकर भी सभी देशों का धन्यवाद दिया। पीएम मोदी कई बार पश्चिम एशिया के देशों की यात्रा कर चुके हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.