BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

मुजफ्फरपुर: सभी पीएचसी में होगी कोरोना संक्रमित मरीजों की निशुल्क जांच, इस तरह की होगी व्यवस्था

कोरोना संक्रमित मरीजों की निशुल्क जांच की व्यवस्था जिले के दस केंद्रों पर रविवार को शुरू हुई। अब जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क जांच की व्यवस्था होगी। डीएम डॉ. चंद्रशेखर ङ्क्षसह ने कहा कि बुधवार से सभी पीएचसी पर जांच की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। बता दें कि प्रथम चरण में जिले के सदर अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्रमश : बालूघाट, ब्रह्मपुरा, अघोरिया बाजार व कन्हौली, रेफरल अस्पताल सकरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पारू, मोतीपुर, गायघाट और कटरा में जांच शुरू की गई है। लेकिन अब सभी पीएचसी पर जांच की व्यवस्था होने से आमलोगों को इसका फायदा मिलेगा।

एसकेएमसीएच में भी कोविड कंट्रोल रूम

डीएम ने बताया कि होम आइसोलेशन के लिए प्रत्येक पीएचसी में काउंसिङ्क्षलग की टीम भी बढ़ा दी गई है। जिन्हें हल्का लक्षण हो। वे होम आइसोलेशन में रहें। जिनकी स्थिति ज्यादा खराब होगी। उनको एंबुलेंस से ले जाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सदर अस्पताल के अलावा एसकेएमसीएच में भी कोविड कंट्रोल रूम बनाया गया है।

होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की देखभाल

डीएम ने कहा कि होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की देखभाल के लिए प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत चार विशेष टीम बनाई गई है। ये टीम इनकी देखरेख करेंगे। होम आइसोलेशन में मरीजों को मेडिकल किट भी दिया जाएगा। जिसमें जरूरत की सभी दवाइयां व दो मास्क है। उन्हें यह भी बताया जाएगा कि वे इस दौरान क्या करें और क्या नहीं करें।

कोरोना कंट्रोल रूम का जारी किया गया नंबर

जांच केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए जिला कोरोना नियंत्रण कक्ष के नंबरों पर कॉल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सदर अस्पताल कंट्रोल रूम का नंबर क्रमश: 0621-2266050, 51, 52, 54, 55, 56 और 58 है। एसकेएमसीएच कंट्रोल रूम का नंबर 0621-2231202 है।

बेडों की संख्या बढ़ाने पर निर्णय आज

सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक डीएम की अध्यक्षता में होगी। जिसमें अस्पताल की क्षमता के साथ बेडों की संख्या बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा। निजी अस्पताल को भी पॉजिटिव मरीजों के लिए इलाज के लिए जोडऩे की व्यवस्था पर विचार किया जाएगा।