BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा ने खुद संभाली कमान, बोलें- तीन दिनों में कचरा मुक्त होगा मुजफ्फरपुर

मुजफ्फरपुर। नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने कहा है कि शहर को कचरा मुक्त करने के लिए तीन दिनों का विशेष सफाई अभियान चलेगा। डंपिंग की समस्या के कारण शहर में जमा कचरे का निष्पादन करने के लिए सौ से अधिक टै्रक्टर एवं अन्य वाहन लगाए जाएंगे। निगम के पास चालीस टै्रक्टर है, अपने खर्च पर निगम को साठ गाड़ी उपलब्ध कराएंगे। टै्रक्टर का भाड़ा अपनी जेब से देंगे। रोज शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक कचरे के निष्पादन का काम किया जाएगा ताकि शहर पूरी तरह से कचरा मुक्त हो जाए। पूरे अभियान का नेतृत्व वह स्वयं करेंगे। मंत्री शर्मा ने उक्त बातें शुक्रवार को अपने आवासीय कार्यालय में संवाददाताओं से कही। उन्होंने कहा कि रौतिनिया विवाद की वजह से शहर में कचरे का ढेर लग गया था। शहरवासियों को जल्द ही इससे मुक्ति मिल जाएगी। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए फायर बिग्रेड की गाड़ियों की मदद से शहर के सभी मोहल्लों को फिर से सैनिटाइज किया जाएगा। इसके लिए दवा उपलब्ध करा दिया गया है। अपने प्रयास से उन्होंने निगम को दो बड़ी फॉगिंग मशीन उपलब्ध करा दी है। शहरवासियों को मच्छरों से मुक्ति दिलाने के लिए रोजाना फॉगिंग की जाएगी।

जल्द दुरुस्त होंगी शहर की सड़कें : नगर विकास मंत्री ने कहा कि शहर की सड़कों की हालत जल्द ही दुरुस्त होगी। सभी छोटी-बड़ी सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। स्मार्ट सिटी योजना पर भी तेजी से काम हो रहा है। एक दर्जन योजनाएं जमीन पर उतरने को तैयार हैं। जल निकासी की योजना पर काम चल रहा है। जमीन उपलब्ध नहीं होने से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने में विलंब हुआ है।

निगम की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं : मंत्री ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है। इससे विकास के कई कार्य समय पर पूरा नहीं हो सके। अधिकारियों के रौतिनिया विवाद में फंसे रहने से गली-नाली विकास योजनाओं को समय पर पूरा नहीं किया जा सके। अब निगम अधिकारियों को लंबित सभी योजनाओं को पूरा करने को कहा गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.